स्पेस-X टेस्ला के ऑप्टिमस ह्यूमनॉइड रोबोट्स को मंगल ग्रह पर अपने पहले बिना इंसानों वाले स्टारशिप मिशन पर भेजने की तैयारी कर रही है।
इनका मुख्य मकसद लाल ग्रह को भविष्य में इंसानों के आने से पहले तैयार करना है। ये रोबोट वहां नई तकनीकों का टेस्ट करेंगे और इंसानों के लिए रहने लायक जगह तैयार करने में मदद कर सकते हैं।
पहले यह प्लान 2026 तक का था, लेकिन अब इसमें बदलाव आ गया है। अब सामान ले जाने वाले मिशन 2028 तक लॉन्च होने की उम्मीद है।
ऑप्टिमस रोबोट्स मंगल के ढांचे को परखेंगे
ऑप्टिमस रोबोट मंगल पर उपकरण ढोने और वहां के ढांचों की जांच करने जैसे कई काम कर सकते हैं। इससे स्पेस-X को यह समझने में आसानी होगी कि इंसानों के वहां पहुंचने से पहले कौन-कौन से काम किए जा सकते हैं।
अगर, ये रोबोटिक मिशन कामयाब होते हैं तो एलन मस्क का मानना है कि इंसान 2029 में मंगल पर उतर सकते हैं। हालांकि, 2031 का साल ज्यादा यथार्थवादी माना जा रहा है।
पहले रोबोट्स भेजकर न केवल खतरों को कम किया जा सकता है, बल्कि इससे किसी दूसरे ग्रह पर लंबे समय तक जीवन जीने की संभावनाएं भी बढ़ती हैं।