स्पेस-X ने चिप फैक्ट्री के लिए घोषित किया 5,100 अरब रुपये का निवेश
क्या है खबर?
एलन मस्क की रॉकेट निर्माता कंपनी स्पेस-X ने टेक्सास में एक सेमीकंडक्टर निर्माण प्लांट में 55 अरब डॉलर (करीब 5,100 अरब रुपये) के निवेश की घोषणा की है। प्रस्तावित टेराफैब प्लांट ग्राइम्स काउंटी में स्थित होगा और इसे टेस्ला के सहयोग से बनाया जाएगा। यह प्रोजेक्ट कंपनी की घरेलू चिप उत्पादन क्षमता बढ़ाने की रणनीति का हिस्सा है और अंततः कुल निवेश 119 अरब डॉलर (करीब 11,000 अरब रुपये) तक पहुंच सकता है।
फायदा
दूसरी कंपनियों पर निर्भरता होगी कम
टेराफैब प्लांट एक बहु-चरण चिप निर्माण और एडवांस कंप्यूटिंग परिसर होगा। इसका उद्देश्य अमेरिका की घरेलू सेमीकंडक्टर उत्पादन क्षमता को उल्लेखनीय रूप से बढ़ाना है। इस प्रोजेक्ट को स्थानीय अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किया गया है, जिनसे जून में होने वाली बैठक में संपत्ति कर में छूट समझौते पर विचार करने की उम्मीद है। प्रस्तावित प्लांट सैमसंग और ताइवान सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग कंपनी जैसे बाहरी आपूर्तिकर्ताओं पर निर्भरता कम करने में सहायक हो सकती है।
IPO
कंपनी अगले महीने ला रही IPO
स्पेस-X जून में आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) लाने की तैयारी में है, जिससे कंपनी का मूल्य लगभग 1,750 अरब डॉलर (करीब 1.6 लाख अरब रुपये) तक पहुंच सकता है। मस्क अपनी सभी कंपनियों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के एकीकरण को और मजबूत कर रहे हैं। रॉकेट बनाने वाली इस कंपनी ने इसी साल उनकी स्टार्टअप कंपनी xAI का अधिग्रहण किया था, जिसका उद्देश्य AI प्रोसेसिंग के लिए अंतरिक्ष-आधारित डlटा सेंटर बनाना था।