सोनी-वार्नर ने कॉपीराइट उल्लंघन के मामले में एंथ्रोपिक पर किया मुकदमा
सोनी म्यूजिक और वार्नर म्यूजिक के म्यूजिक पब्लिशिंग डिवीजन ने एंथ्रोपिक पर मुकदमा किया है। इन म्यूजिक कंपनियों का आरोप है कि इसने उनकी इजाजत के बिना कॉपीराइट वाले गानों के बोल और शीट म्यूजिक का इस्तेमाल किया है।
उन्होंने बताया कि द बीटल्स, टेलर स्विफ्ट और माइकल जैक्सन जैसे बड़े कलाकारों के गाने भी क्लाउड की ट्रेनिंग में इस्तेमाल किए गए।
पब्लिशर्स ने हर उल्लंघन के लिए मांगे 1.5 लाख डॉलर
मुकदमे में कहा गया है कि क्लाउड कॉपीराइट वाले गानों के बोल लगभग असली जैसे ही पेश कर सकता है। यह ऐसे नए गाने के बोल भी बना सकता है, जो लाइसेंस वाले म्यूजिक से मुकाबला करें।
पब्लिशर्स ने हर कॉपीराइट उल्लंघन के लिए 1.5 लाख डॉलर (करीब 140 लाख रुपये) तक के हर्जाने की मांग की है। वे यह भी चाहते हैं कि एंथ्रोपिक को भविष्य में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) ट्रेनिंग के लिए उनके गानों का इस्तेमाल करने से रोका जाए।
एंथ्रोपिक ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि उनका यह इस्तेमाल 'फेयर यूज' के दायरे में आता है। हालांकि, इस मुकदमे से यह तय हो सकता है कि आगे चलकर AI कंपनियां कॉपीराइट वाले कंटेंट का कैसे इस्तेमाल करेंगी?