कोडिंग में AI के बढ़ते दबदबे पर छलका सॉफ्टवेयर इंजीनियर का दर्द
सॉफ्टवेयर इंजीनियर वॉक्सियम की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के कोडिंग की नौकरियों पर बढ़ते दबदबे को लेकर की गई पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है। उन्होंने अपने काम करने की जगह को 'सोल-सकिंग' (आत्मा निचोड़ने वाला) और ऊबाऊ बताया और कहा कि अब उनके काम में असली समस्याओं को सुलझाने वाला पहलू लगभग खत्म हो गया है।
AI अब स्पेसिफिकेशंस और रिपोर्ट्स लिखने जैसे काम खुद ही कर रहा है, इसलिए कई डेवलपर्स को लगता है कि वे केवल निर्देशों का पालन करने वाले बनकर रह गए हैं और उनके पास अपनी रचनात्मकता दिखाने का कोई खास मौका नहीं बचता।
एलन मस्क ने दी यह प्रतिक्रिया
इस पोस्ट को करीब 62 लाख लोगों ने देखा और इसके बाद कई बड़े नामों ने इस पर अपनी बात रखी। अरबपति एलन मस्क और फेसबुक के पूर्व वरिष्ठ कार्यकारी चामथ पलिहापिटिया जैसे दिग्गजों ने चिंता जताई कि AI का इस्तेमाल केवल कामों को तेजी से निपटाने के लिए हो रहा है, न कि बेहतर सॉफ्टवेयर बनाने के लिए। गिटलैब के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) बिल स्टेपल्स ने कहा कि इंसान अब मशीनों के सुपरवाइजर बनकर रह गए हैं। ऐसे में जैसे-जैसे AI टूल्स आम होते जा रहे हैं, लोग यह सोचने पर मजबूर हो गए हैं कि भविष्य में प्रोग्रामिंग से जुड़ी नौकरियों का स्वरूप कैसा होगा?