Loading...
भारत में स्मार्टफोन बाजार की रफ्तार धीमी, सैमसंग नंबर-1 तो भारतीय ब्रांड्स की हिस्सेदारी बढ़ी
सैमसंग फिर बना भारत का नंबर-1 स्मार्टफोन ब्रांड

भारत में स्मार्टफोन बाजार की रफ्तार धीमी, सैमसंग नंबर-1 तो भारतीय ब्रांड्स की हिस्सेदारी बढ़ी

Oct 23, 2026
06:06 pm

क्या है खबर?

भारत में स्मार्टफोन की बिक्री घटने के बावजूद सैमसंग ने बाजार में पहला स्थान हासिल कर लिया है। काउंटरपॉइंट रिसर्च के अनुसार, जुलाई-सितंबर, 2026 के बीच कंपनी 9 तिमाहियों बाद फिर सबसे आगे रही। दूसरी तरफ, देश में मोबाइल फोन की कुल शिपमेंट पिछले 10 साल में किसी तीसरी तिमाही के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई। फोन बनाने में इस्तेमाल होने वाले पुर्जों की कीमत बढ़ने और लोगों के कम खर्च करने से बाजार में सुस्ती देखने को मिली।

शिपमेंट

मोबाइल फोन की शिपमेंट में आई बड़ी कमी

देश में स्मार्टफोन की शिपमेंट में पिछले साल के मुकाबले भारी गिरावट दर्ज की गई।

काउंटरपॉइंट रिसर्च ने इसमें 20 फीसदी की कमी बताई, जबकि ओमडिया के आंकड़े 26 फीसदी गिरावट दिखाते हैं। सैमसंग की बाजार हिस्सेदारी 17 से 19 फीसदी रही।

वीवो दूसरे स्थान पर रहा, जबकि ओप्पो और शाओमी भी प्रमुख कंपनियों में शामिल रहे। मोबाइल महंगे होने से लोग नया फोन खरीदने के बजाय पुराने फोन का इस्तेमाल जारी रख रहे हैं।

असर

सस्ते स्मार्टफोन की बिक्री पर सबसे ज्यादा असर

20,000 रुपये से कम कीमत वाले स्मार्टफोन की शिपमेंट में सबसे ज्यादा गिरावट आई है। इस श्रेणी में पिछले साल के मुकाबले 47 फीसदी कमी दर्ज की गई।

मोबाइल में इस्तेमाल होने वाली मेमोरी की कीमत बढ़ने से कंपनियों ने अपने फोन महंगे कर दिए। इससे कम बजट वाले ग्राहकों के लिए नया फोन खरीदना मुश्किल हुआ और कई लोगों ने खरीदारी टाल दी।

दिवाली का त्योहार देर से होने के कारण दुकानदारों ने भी स्टॉक मंगाने में देरी की।

ADVERTISEMENT

हिस्सेदारी

भारतीय ब्रांड्स की हिस्सेदारी बढ़ी

सितंबर तिमाही में ऐपल ने 39 लाख स्मार्टफोन की शिपमेंट के साथ शीर्ष 5 कंपनियों में जगह बनाई। वहीं, भारतीय मोबाइल ब्रांड्स की कुल बाजार हिस्सेदारी एक साल में 3 फीसदी से बढ़कर 15 फीसदी हो गई।

Ai+ ब्रांड की शिपमेंट में 306 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि, आने वाले समय में स्मार्टफोन बाजार की स्थिति चुनौतीपूर्ण रह सकती है।

काउंटरपॉइंट के अनुमान के मुताबिक, 2026 में भारत में स्मार्टफोन की शिपमेंट करीब 13 फीसदी घट सकती है।

ADVERTISEMENT