भारत का पहला निजी रॉकेट विक्रम-I बिना फ्यूल टेस्टिंग के होगा लॉन्च
स्काईरूट एयरोस्पेस अपने विक्रम-I रॉकेट को लॉन्च करने की तैयारी में है। यह भारत का पहला निजी ऑर्बिटल रॉकेट होगा, जिसे सीधे श्रीहरिकोटा से अंतरिक्ष में भेजा जाएगा।
इसकी खास बात यह है कि इसे लॉन्च से पहले 'वेट ड्रेस रिहर्सल' यानि ईंधन भरने वाले टेस्ट की जरूरत नहीं पड़ेगी। ऐसा इसलिए है क्योंकि विक्रम-I ठोस ईंधन (सॉलिड फ्यूल) पर काम करता है, जबकि स्पेस-X के फाल्कन 9 जैसे दूसरे रॉकेट तरल ईंधन (लिक्विड फ्यूल) का इस्तेमाल करते हैं, जिन्हें ऐसे टेस्ट की आवश्यकता होती है।
ISRO से पहला प्राइवेट ऑर्बिटल लॉन्च
स्काईरूट के सह संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) पवन चंदाना ने बताया कि सॉलिड रॉकेट मोटर एक बार शुरू होने के बाद अपना सारा ईंधन एक साथ जला देते हैं, इसलिए इनकी पहले से टेस्टिंग नहीं की जा सकती।
इसकी जगह, टीम ने विक्रम-I की पूरी जमीनी जांच की, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि सब कुछ ठीक से काम कर रहा है।
यह लॉन्च भारत के निजी अंतरिक्ष क्षेत्र के लिए एक बड़ा अवसर है क्योंकि यह पहली बार होगा, जब कोई निजी कंपनी भारतीय अतंरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के केंद्र से ऑर्बिटल रॉकेट लॉन्च कर रही है। यह कदम भविष्य के निजी अंतरिक्ष मिशनों के लिए नए रास्ते खोलेगा।