LOADING...
कंगना रनौत की 'क्वीन 2' पर संकट, बॉम्बे हाई कोर्ट में 250 करोड़ का मुकदमा दायर
'क्वीन 2' पर रिलीज से पहले संकट के बादल छाए

कंगना रनौत की 'क्वीन 2' पर संकट, बॉम्बे हाई कोर्ट में 250 करोड़ का मुकदमा दायर

Jul 07, 2026
10:33 am

क्या है खबर?

कंगना रनौत ने कुछ दिन पहले 'क्वीन 2' की शूटिंग पूरी करते हुए सोशल मीडिया पर अपडेट साझा किया था। यह साल 2013 में आई सुपरहिट फिल्म 'क्वीन' का सीक्वल है, जिसे लेकर लोग काफी ज्यादा उत्साहित हैं। हालांकि, रिलीज से पहले फिल्म कानूनी पचड़े में फंस गई है, क्योंकि इसके खिलाफ बॉम्बे हाई कोर्ट में 250 करोड़ रुपये का मुकदमा दायर किया गया है। आरोप है कि यह मूल फिल्म का बिना इजाजत बनाया गया एक सीक्वल है।

मामला

'क्वीन' निर्माताओं ने उठाया कानूनी कदम

मिड-डे के मुताबिक, 'क्वीन' के निर्माता फैंटम स्टूडियोज ने कथित तौर पर दावा किया कि 'क्वीन 2' एक 'अनधिकृत सीक्वल' है। सूत्र ने बताया कि स्टूडियो ने जियोस्टार पर इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी (IP) के बिना इजाजत इस्तेमाल और उल्लंघन का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि कथित उल्लंघन के बारे में बार-बार बातचीत और संबंधित पक्षों के बीच 'समझौते की चर्चा' के बाद, स्टूडियोज ने कोर्ट का रुख किया है। फिलहाल, आरोपों पर 'क्वीन 2' निर्माताओं की प्रतिक्रिया नहीं आई है।

सूचना

अप्रैल में फैंटम स्टूडियोज ने जारी किया था नोटिस

रिपोर्ट के अनुसार, फैंटम स्टूडियोज द्वारा अप्रैल में सार्वजनिक सूचना जारी की गई थी और 'क्वीन' की IP (जिसमें सीक्वल बनाने का अधिकार शामिल है) के 50 प्रतिशत हिस्से पर स्वामित्व की पुष्टि की थी। हालांकि, 'क्वीन 2' निर्माताओं ने नोटिस को नजरअंदाज कर दिया और शूटिंग जारी रखी। परियोजना अब प्री-प्रोडक्शन चरण में पहुंच गई है, लेकिन रिलीज तारीख का ऐलान अभी नहीं हुआ है। इससे आहत होकर स्टूडियो ने निर्माताओं के खिलाफ 250 करोड़ का मुकदमा किया है।

Advertisement