'लॉकअप 2' में राम कपूर ने खोला अपना पुराना चिट्ठा- मेरे इतने रिश्ते, गिनती करना मुश्किल
क्या है खबर?
नेटफ्लिक्स के रियलिटी शो 'लाॅकअप सीजन 2' में प्रतियोगी अपनी जिंदगी के अनसुने किस्से सुनाकर दर्शकों का खूब ध्यान खींच रहे हैं। आकांक्षा चमोला के तलाक और बाइसेक्सुअल वाले खुलासे को लोग अभी भूले नहीं थे, अब राम कपूर ने अपनी निजी जिंदगी के किस्से सुनाकर लोगों को चौंका दिया है। हालिया एपिसोड में उन्होंने 2003 में गौतमी कपूर से शादी करने से पहले के प्रेम-प्रसंगों को याद किया। राम ने बताया कि शादी से पहले वह एक 'प्लेबॉय' थे।
खुलासा
शादी से पहले कइयों के साथ रहे रिश्ते
एपिसोड के दौरान, प्रतियोगी श्रेया कालरा ने अभिनेता से उनके प्रेम-प्रसंगों के बारे में पूछा। इस पर राम ने कहा, "शादी के बाद एक भी नहीं।" हालांकि, उन्होंने स्वीकारा कि शादी से पहले उनके कई प्रेम-प्रसंग थे। फिर कहा, "पहले? मैं तो प्लेबॉय था।" जब प्रतियोगी ने उनसे पूछा कि कितने, तो उन्होंने जवाब दिया, "गिन नहीं सकता।" अभिनेता ने बताया कि एकता कपूर ने उनकी शादी से पहले गौतमी को उनके प्रेम-संबंधों के बारे में चेतावनी दी थी।
चेतावनी
गौतमी को फोन पर दी थी शादी न करने की सलाह
राम ने कहा, "ठीक है, मैं आपको ईमानदारी से बताता हूं। जब सबको पता चला कि गौतमी और राम शादी कर रहे हैं, तो मेरी दोस्त एकता ने गौतमी को फोन किया और उनसे पूछा, 'तुम क्या कर रही हो? उसके इतने सारे अफेयर रहे हैं। तुम क्या कर रही हो?' एकता को उनकी चिंता थी।" बता दें, राम और गौतमी ने 14 फरवरी, 2003 को शादी की थी। उनके 2 बच्चे, बेटी सिया और बेटा अक्स है।