LOADING...
कल्ट फिट ने IPO के लिए किया आवेदन, 950 करोड़ रुपये जुटाने का है लक्ष्य
कल्ट फिट ने IPO के लिए किया आवेदन

कल्ट फिट ने IPO के लिए किया आवेदन, 950 करोड़ रुपये जुटाने का है लक्ष्य

Jul 07, 2026
11:33 am

क्या है खबर?

देश की फिटनेस कंपनी कल्ट फिट ने शेयर बाजार में लिस्ट होने की तैयारी शुरू कर दी है। कंपनी ने IPO के लिए SEBI के पास शुरुआती दस्तावेज जमा कर दिए हैं। मिंट की रिपोर्ट के अनुसार, प्रस्ताव के तहत 950 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएंगे। वहीं ऑफर फॉर सेल (OFS) को मिलाकर IPO का कुल आकार करीब 4,000 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है। अब कंपनी मंजूरी के बाद सही समय पर बाजार में उतरेगी।

निवेशक

बड़े निवेशक और ऋतिक रोशन बेचेंगे हिस्सेदारी

कल्ट फिट की IPO के तहत कई मौजूदा निवेशक अपनी हिस्सेदारी बेचेंगे। इनमें टेमासेक, टाटा डिजिटल, एक्सेल इंडिया, कलारी कैपिटल, चिराटे वेंचर्स और अन्य बड़े निवेशक शामिल हैं। कंपनी के संस्थापक मुकेश बंसल, निवेशक ब्रूनो राशले और अभिनेता ऋतिक रोशन भी अपने कुछ शेयर बेचेंगे। हालांकि, 2021 में कल्ट फिट में 6.4 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने वाली इटरनल लिमिटेड ने इस ऑफर में कोई शेयर बेचने का फैसला नहीं किया है।

कारोबार

77 शहरों में फैला है कल्ट फिट का कारोबार

कल्ट फिट की शुरुआत 2016 में मुकेश बंसल और अंकित नागोरी ने की थी। आज कंपनी देश के 77 शहरों में 708 फिटनेस सेंटर चला रही है। 2021 में कंपनी की वैल्यूएशन करीब 1.5 अरब डॉलर (लगभग 14,000 करोड़ रुपये) आंकी गई थी। इस साल मार्च में भी टेमासेक ने कंपनी में 440 करोड़ रुपये का निवेश किया। कंपनी लगातार अपने फिटनेस नेटवर्क का विस्तार करने पर काम कर रही है।

Advertisement

इस्तेमाल

IPO से जुटाए गए पैसे का कहां होगा इस्तेमाल?

कंपनी ने बताया कि नए शेयरों से मिलने वाली राशि का उपयोग नए फिटनेस सेंटर खोलने, मौजूदा सेंटरों के लीज भुगतान, कर्ज कम करने, ब्रांड मार्केटिंग और सहायक कंपनियों में निवेश के लिए किया जाएगा। इसके अलावा, कंपनी 190 करोड़ रुपये तक का प्री-IPO निवेश जुटाने पर भी विचार कर रही है। अभी सबसे पहले SEBI की मंजूरी लेना कंपनी की प्राथमिकता है, जबकि लिस्टिंग की तारीख बाद में तय होगी।

Advertisement

प्रदर्शन

राजस्व बढ़ा, लेकिन अभी भी घाटे में कंपनी

वित्त वर्ष 2026 में कल्ट फिट का परिचालन राजस्व बढ़कर 1,721 करोड़ रुपये से अधिक पहुंच गया, जो पिछले साल के मुकाबले करीब 40 प्रतिशत ज्यादा है। हालांकि, कंपनी को अभी भी 252 करोड़ रुपये का सालाना घाटा हुआ है। इसकी लगभग 70 प्रतिशत आय जिम और फिटनेस सब्सक्रिप्शन से आती है, जबकि बाकी 30 प्रतिशत आय फिटनेस प्रोडक्ट कारोबार से मिलती है। कंपनी अब IPO के जरिए आगे विस्तार की तैयारी कर रही है।

Advertisement