भारत के टी-20 विश्व कप जीतने का सिलिकॉन वैली में जश्न, पिचई-नडेला ने दी शानदार प्रतिक्रिया
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 में भारत की शानदार जीत के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड को पटखनी देकर लगातार दूसरी बार यह खिताब अपने नाम कर लिया। भारत की इस जीत का जश्न सिलिकॉन वैली में भी मनाया गया है। गूगल मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सुंदर पिचई और माइक्रोसॉफ्ट के सत्य नडेला ने भारतीय टीम की इस ऐतिहासिक जीत पर खुशी जाहिर की है।
अफसोस
पिचई को हुआ अफसोस
क्रिकेट के जबरदस्त प्रशंसक माने जाने वाले पिचई ने एक्स पर अपने पोस्ट में भारतीय टीम को बधाई दी और क्रिकेट स्टेडियम में जाकर मैच नहीं देख पाने पर अफसोस जताया। पिचई भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका का सुपर-8 का मुकाबला देखने नरेंद्र मोदी स्टेडियम पहुंचे थे, जिसमें भारतीय टीम हार गई। इस पर उन्होंने मजाकिया अंदाज में एक्स पर लिखा, "भारत को ICC पुरुष टी-20 विश्व कप कप जीतने की बधाई! मैंने देखने के लिए गलत मैच चुना।"
प्रशंसा
नडेला ने की संजू सैमसन की प्रशंसा
माइक्रोसॉफ्ट के CEO सत्य नडेला ने एक्स पर लिखा, "भारतीय टीम को शानदार टी-20 विश्व कप जीत की बधाई। न्यूजीलैंड के लिए किस्मत साथ नहीं रही। जसप्रीत बुमराह एक बार फिर बड़े मुकाबले में मैच विनर साबित हुए। संजू सैमसन ने पूरे टूर्नामेंट में जबरदस्त प्रभाव छोड़ा।" बता दें कि फाइनल में भारत के 255 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की टीम 159 रनों पर ढेर हो गई और भारत ने 96 रनों से जीत हासिल की।