Page Loader
भारत में फिर लौटी शीन, रिलायंस की मदद से लॉन्च हुआ नया ऐप
शीन ऐप की भारत में हुई वापसी

भारत में फिर लौटी शीन, रिलायंस की मदद से लॉन्च हुआ नया ऐप

Feb 02, 2025
01:52 pm

क्या है खबर?

चीनी फास्ट-फैशन ब्रांड शीन ने लगभग 5 साल बाद भारत में वापसी की है। 2020 में भारत-चीन तनाव के कारण इसे प्रतिबंधित किया गया था, लेकिन अब यह ऐप रिलायंस रिटेल के साथ साझेदारी में फिर से शुरू हुआ है। इस समझौते के तहत रिलायंस को संचालन और डाटा पर पूरा नियंत्रण दिया गया है, जबकि शीन सिर्फ तकनीकी भागीदार के रूप में काम करेगी। ग्राहक डाटा भारत में ही स्टोर होगा और शीन को इसकी पहुंच नहीं दी जाएगी।

 उत्पाद 

पूरी तरह भारत में बने उत्पाद होंगे उपलब्ध

इस बार शीन को भारत में नई रणनीति के साथ लॉन्च किया गया है। सभी उत्पाद भारत में डिजाइन और निर्मित किए जाएंगे। इसके तहत कपड़ों की कीमत 350 रुपये से शुरू होगी, जिससे ग्राहकों को सस्ती और स्टाइलिश पोशाकें मिल सकेंगी। शुरुआत में कंपनी नई दिल्ली और मुंबई सहित चुनिंदा शहरों में डिलीवरी सेवाएं देगी। सरकार ने शीन को साइबर सुरक्षा ऑडिट और निगरानी जैसी कड़ी शर्तों के तहत काम करने की अनुमति दी है।

रणनीति

सरकार की मंजूरी और रिलायंस की रणनीति

भारत सरकार ने 2020 के बाद से शीन समेत 300 से अधिक चीनी ऐप्स पर प्रतिबंध लगाया है, लेकिन शीन को अब विशेष शर्तों के तहत अनुमति मिली है। इस सौदे की IT और गृह मंत्रालय सहित कई स्तरों पर गहन जांच की गई है। वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने बताया कि शीन को राष्ट्रीय सुरक्षा नियमों का पालन करना होगा। रिलायंस ने इसे अपने एजियो फैशन प्लेटफॉर्म से अलग रखा है और एक नया ऐप लॉन्च किया है।