Loading...
व्हाट्सऐप और आसुस के सॉफ्टवेयर में गंभीर खामी, CERT-In ने दी चेतावनी
व्हाट्सऐप और आसुस के सॉफ्टवेयर में गंभीर खामी

व्हाट्सऐप और आसुस के सॉफ्टवेयर में गंभीर खामी, CERT-In ने दी चेतावनी

Nov 27, 2026
03:11 pm

क्या है खबर?

भारतीय कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम (CERT-In) ने व्हाट्सऐप और व्हाट्सऐप बिजनेस में कई गंभीर सुरक्षा कमियों की पहचान की है। एजेंसी ने चेतावनी दी है कि इनका फायदा उठाकर साइबर अपराधी यूजर्स की संवेदनशील जानकारी चुरा सकते हैं और उनके डिवाइस में खतरनाक कोड चला सकते हैं। इसके अलावा, आसुस के कुछ सॉफ्टवेयर में भी ऐसी ही खामियां मिली हैं। एजेंसी ने दोनों कंपनियों के प्रभावित उत्पाद इस्तेमाल करने वालों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

खतरा

व्हाट्सऐप की किन कमियों से है खतरा?

CERT-In के मुताबिक, व्हाट्सऐप में अटैचमेंट की पहचान, डाटा में सेंध लगाने और संदिग्ध लिंक की जांच से जुड़ी खामियां मिली हैं।

साइबर अपराधी किसी खास मैसेज, अटैचमेंट या लिंक के जरिए इनका फायदा उठा सकते हैं। इससे यूजर्स की निजी जानकारी सामने आ सकती है, ऐप के डाटा में बदलाव हो सकता है और डिवाइस की सुरक्षा को नुकसान पहुंच सकता है।

ये कमियां एंड्रॉयड, iOS, मैक और विंडोज के प्रभावित वर्जन में मौजूद हैं।

खामियां

आसुस के सॉफ्टवेयर में भी मिलीं गंभीर खामियां

CERT-In ने आसुस के कंट्रोल सेंटर एक्सप्रेस, कंट्रोल सेंटर डाटासेंटर, कंट्रोल सेंटर एंटरप्राइज और आर्मरी क्रेट में भी गंभीर सुरक्षा कमियां बताई हैं।

इनके जरिए हमलावर बिना अनुमति सिस्टम में एडमिन अधिकार हासिल कर सकते हैं और पासवर्ड बदलने जैसे काम कर सकते हैं। एजेंसी के मुताबिक, इन खामियों का फायदा उठाकर सिस्टम में गलत सॉफ्टवेयर भी चलाया जा सकता है।

इससे प्रभावित कंप्यूटर और नेटवर्क की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है।

ADVERTISEMENT

सलाह

यूजर्स को क्या करना चाहिए?

CERT-In ने व्हाट्सऐप और व्हाट्सऐप बिजनेस इस्तेमाल करने वालों को अपने ऐप का नया वर्जन इंस्टॉल करने की सलाह दी है।

यूजर्स को प्ले स्टोर, ऐप स्टोर या आधिकारिक माध्यम से उपलब्ध अपडेट डाउनलोड करना चाहिए। वहीं, आसुस के सॉफ्टवेयर इस्तेमाल करने वाले लोगों और संगठनों को कंपनी की ओर से जारी सुरक्षा अपडेट तुरंत इंस्टॉल करने चाहिए।

खासकर कंट्रोल सेंटर और आर्मरी क्रेट के पुराने वर्जन इस्तेमाल करने वालों को अपने सॉफ्टवेयर की जांच कर उसे अपडेट करना चाहिए।

ADVERTISEMENT