सेक्यो ने भारत में लॉन्च की बच्चों के लिए AI स्मार्टवॉच, पढ़ाई करने में मिलेगी सहायता
सेक्यो ने अपनी नई स्मार्टवॉच नियो फिट लॉन्च कर दी है। यह भारत की पहली आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित स्मार्टवॉच है, जिसे खास तौर पर बच्चों के लिए बनाया गया है। इसकी कीमत 9,990 रुपये है और यह वॉच बच्चों की पढ़ाई और मनोरंजन का शानदार मेल है।
इसमें AI लर्निंग कोच, 7 एजुकेशनल गेम्स और स्मार्ट होमवर्क रिमाइंडर जैसे खास फीचर्स दिए गए हैं। इतना ही नहीं, यह बच्चों की सेहत का भी ध्यान रखती है, जैसे कि दिल की धड़कन और SpO2 की निगरानी करती है। इससे जहां एक तरफ माता-पिता को तसल्ली मिलती है, वहीं बच्चे आधुनिक तकनीक का फायदा उठा सकते हैं।
GPS से बच्चों की ट्रेकिंग आसान
नियो फिट वॉच बच्चों की सुरक्षा पर भी पूरा ध्यान देती है। इसमें रियल-टाइम GPS ट्रैकिंग और जियोफेंसिंग जैसी सुविधाएं मिलती हैं। जियोफेंसिंग के जरिए माता-पिता बच्चों के लिए सुरक्षित जगहें तय कर सकते हैं, जिससे उनके दायरे से बाहर जाने पर तुरंत अलर्ट मिल सके।
इस वॉच से 4K वीडियो और व्हाट्सऐप कॉलिंग भी की जा सकती है। साथ ही आपात स्थिति में SOS अलर्ट भेजने का विकल्प भी दिया गया है।
माता-पिता सेक्यो ऐप के जरिए इन सभी फीचर्स को आसानी से मैनेज कर सकते हैं, जिसमें 'फाइंड माय वॉच' जैसा एक काम का फीचर भी शामिल है।
यह वॉच काफी मजबूत है और वॉटर रेजिस्टेंस के साथ आती है, इसलिए बच्चे इसे रोजमर्रा के इस्तेमाल में ला सकते हैं। यह ब्लू, ग्रे और पिंक रंगों में उपलब्ध है।
इसे ऑनलाइन ऑर्डर करने पर मुफ्त शिपिंग और एक साल की वारंटी भी मिल रही है, जो परिवार अपने बच्चों को सुरक्षित और तकनीकी रूप से अपडेट रखना चाहते हैं, उनके लिए यह एक अच्छा चुनाव हो सकती है।