Loading...
ईमुद्रा के डिजिटल सर्टिफिकेट में मिली सुरक्षा खामी, कैसे रखें खुद को ऑनलाइन सुरक्षित?
ईमुद्रा के डिजिटल सर्टिफिकेट में मिली सुरक्षा खामी

ईमुद्रा के डिजिटल सर्टिफिकेट में मिली सुरक्षा खामी, कैसे रखें खुद को ऑनलाइन सुरक्षित?

Oct 21, 2026
06:20 pm

क्या है खबर?

भारत की डिजिटल प्रमाणपत्र कंपनी ईमुद्रा के 8 सर्टिफिकेट में गंभीर सुरक्षा खामी सामने आई है। जांच में पाया गया कि इनकी निजी कीज इतनी कमजोर थीं कि कोई भी तकनीकी जानकारी रखने वाला व्यक्ति उनका गलत इस्तेमाल कर सकता था। इससे नकली वेबसाइटों को असली दिखाने का खतरा पैदा हो सकता था। इस मामले के सामने आने के बाद गूगल, ऐपल और मोजिला जैसी कंपनियों ने प्रभावित सर्टिफिकेट को ब्लॉक करने के कदम उठाए हैं।

खतरा

नकली वेबसाइटों से जानकारी चोरी होने का खतरा

डिजिटल सर्टिफिकेट किसी वेबसाइट की पहचान साबित करने में मदद करते हैं।

इनमें कमजोरी होने पर हमलावर नकली सर्टिफिकेट बनाकर लोगों को धोखा देने की कोशिश कर सकते हैं। हालांकि, अब तक इस मामले में किसी हमले में इन कमजोरियों के इस्तेमाल का सार्वजनिक प्रमाण नहीं मिला है। ईमुद्रा ने कहा है कि समस्या 8 प्रभावित सर्टिफिकेट तक सीमित है।

कंपनी के मुताबिक, उसकी मुख्य प्रमाणन व्यवस्था और अन्य सर्टिफिकेट पर इसका असर नहीं पड़ा है।

सुरक्षा

ब्राउजर और फोन को हमेशा अपडेट रखें

ऑनलाइन सुरक्षित रहने के लिए अपने फोन, कंप्यूटर और इंटरनेट ब्राउजर को हमेशा अपडेट रखें।

कंपनियां सुरक्षा से जुड़ी खामियों को ठीक करने के लिए समय-समय पर नए अपडेट जारी करती हैं। अपने डिवाइस की सेटिंग में जाकर देखें कि कोई नया अपडेट बाकी तो नहीं है।

इसके अलावा, ईमेल, मैसेज या सोशल मीडिया पर आए अनजान लिंक खोलने से बचें। बैंक या किसी दूसरी सेवा के नाम पर आए संदेश पर भरोसा करने से पहले उसकी सच्चाई जांच लें।

ADVERTISEMENT

अन्य 

सुरक्षा चेतावनियों को नजरअंदाज न करें

अगर वेबसाइट खोलते समय ब्राउजर सुरक्षा चेतावनी दिखाए, तो उसे नजरअंदाज करके आगे न बढ़ें। खासकर बैंकिंग, ऑनलाइन खरीदारी या भुगतान के दौरान ऐसी चेतावनियों को गंभीरता से लें।

अपनी सुरक्षा सेटिंग बंद न करें और अनजान सुरक्षा ऐप भी इंस्टॉल न करें। इसके अलावा, बैंक खाते में संदिग्ध लेनदेन या अनजान पासवर्ड बदलने के संदेशों पर नजर रखें।

कोई गड़बड़ी दिखने पर बैंक की आधिकारिक वेबसाइट या फोन नंबर के जरिए संपर्क करें।

ADVERTISEMENT