तेज घूमने पर 2 हिस्सों में बंट भी सकते हैं ब्लैक होल, अध्ययन में खुलासा
ऐसा लगता है कि ब्लैक होल केवल ब्रह्मांड के वो वैक्यूम क्लीनर नहीं हैं, जो मिलने पर आपस में मिल जाते हैं। अब कुछ वैज्ञानिकों का मानना है कि बहुत तेजी से घूमने वाले ब्लैक होल दरअसल 2 हिस्सों में बंट भी सकते हैं।
यह नया विचार 'फिजिकल रिव्यू डी' नाम की एक साइंस पत्रिका में प्रकाशित हुआ है। इसमें बताया गया है कि तेजी से घूमने की वजह से ब्लैक होल शायद अपने आम नियम तोड़कर हमेशा आपस में मिलने के बजाय 2 हिस्सों में बंट सकते हैं।
पेयर-ऑफ-पैंट्स टोपोलॉजी का किया इस्तेमाल
दक्षिणी डेनमार्क यूनिवर्सिटी और दूसरे कई संस्थानों के शोधकर्ताओं ने इस बात की गहराई से पड़ताल की कि ब्लैक होल आमतौर पर 2 हिस्सों में बंटने से क्यों रुक जाते हैं?
उन्होंने 'पेयर-ऑफ-पैंट्स टोपोलॉजी' नाम की एक सोच का सहारा लिया, जिससे ये समझाया जा सके कि जब ब्लैक होल बंटता है तो उसका 'इवेंट होराइजन' कैसे अपना रूप बदल सकता है।
टीम का ये भी कहना है कि 'फर्मी-लैट' जैसे गामा-रे टेलीस्कोप उन छोटे ब्लैक होल के टुकड़ों के संकेतों को भी ढूंढ सकते हैं, जो शायद ब्लैक होल के आपस में मिलने के दौरान बन सकते हैं।