गुजरात में मिली 15 मीटर लंबे सांप की नई प्रजाति वासुकी इंडिकस
गुजरात में वैज्ञानिकों को सांप की एक नई और बहुत पुरानी प्रजाति मिली है। इसे 'वासुकी इंडिकस' नाम दिया गया है। करीब 4.7 करोड़ साल पहले धरती पर रहने वाला यह विशालकाय सरीसृप (रेप्टाइल) 15.2-मीटर तक लंबा हो सकता था। अपनी लंबाई के मामले में यह टाइटनोबोआ जैसे विशाल सांप को भी टक्कर दे सकता था।
चौड़ी और बेलनाकार थी रीढ़ की हड्डियां
शोधकर्ताओं को पता चला है कि इस सांप की रीढ़ की हड्डियां चौड़ी और बेलनाकार थीं। ये हड्डियां बताती हैं कि यह सांप कितना विशालकाय रहा होगा।
हिंदू पौराणिक कथाओं में जिस वासुकी नाग का जिक्र आता है, उसी पर इस सांप का नाम रखा गया है। यह सांपों के एक ऐसे परिवार से था, जो अब धरती से खत्म हो चुका है और यह परिवार केवल भारत में ही पाया जाता था।
इस खोज से वैज्ञानिक यह भी समझ पाएंगे कि भारत के बहुत पुराने उष्णकटिबंधीय (गर्म और नम) इलाकों में सांप कितने अलग-अलग तरह के थे और वे कैसे खुद को माहौल के हिसाब से ढाल लेते थे।