2 सूरज वाले सिस्टम में भी टिके रह सकते हैं धरती जैसे ग्रह, वैज्ञानिकों का दावा
हाल ही में सामने आया है कि हमारी पृथ्वी जैसे ग्रह 2 सूरज वाले सिस्टम में भी टिके रह सकते हैं। ऐसे सिस्टम को बाइनरी स्टार सिस्टम कहते हैं, जहां एक नहीं, बल्कि 2 सूरज होते हैं।
वैज्ञानिकों ने 70 ओफियुची नामक एक सिस्टम का अध्ययन किया, जो पृथ्वी से केवल 16 प्रकाश-वर्ष दूर है।
उन्होंने पाया कि इस सिस्टम में पृथ्वी के आकार के ग्रह एक स्थिर कक्षा में घूम सकते हैं। दूसरे तारे के गुरुत्वाकर्षण खिंचाव के बावजूद भी इन ग्रहों पर जीवन होने की संभावना बनी रह सकती है।
हैबिटेबल जोन में सुरक्षित रह सकते हैं ग्रह
शोधकर्ताओं ने 70 ओफियुची में मौजूद ठंडे और छोटे K-ड्वार्फ तारों (K-बौना तारा) पर ध्यान दिया। उन्होंने 100 साल से भी पुराने डाटा और कंप्यूटर सिमुलेशन का इस्तेमाल किया।
इससे उन्हें पता चला कि पृथ्वी जैसे ग्रह 'हैबिटेबल जोन' में सुरक्षित रूप से रह सकते हैं। यह वह जगह है, जो जीवन के पनपने के लिए सबसे अनुकूल मानी जाती है।
उन्होंने यह भी बताया कि इन दोनों तारों के आस-पास विशाल बृहस्पति जैसे ग्रह मौजूद नहीं हैं। उन्होंने मुख्य तारे से करीब 5 खगोलीय यूनिट की दूरी तक इसकी जांच की।
नासा के हैबिटेबल वर्ल्ड्स ऑब्ज़र्वेटरी जैसे नए टेलीस्कोप के आने से हम जल्द ही ऐसी और जगहों का पता लगा सकते हैं, जहां जीवन मौजूद हो सकता है, भले ही आकाश में 2 सूरज चमक रहे हों।