वैज्ञानिकों ने खोजा दवा सीधे ट्यूमर तक पहुंचाने का तरीका
रमन शोध संस्थान के वैज्ञानिकों ने एक ऐसा तरीका खोजा है, जिससे बेहद घने और ठोस पदार्थ भी तरल की तरह बहने लगते हैं।
इसके लिए उन्हें बस गरमी का एक तेज झटका देना होता है। उनकी यह नई तकनीक इसी साल प्रकाशित हुई है। इसका फायदा यह होगा कि शरीर में दवाओं को कहां और कैसे पहुंचाया जाए, इसे बेहतर तरीके से नियंत्रित किया जा सकेगा। इससे इलाज और भी सटीक हो पाएगा।
दवाओं के इफेक्ट्स होंगे कम
इस टीम ने बहुत छोटे आकार के माइक्रोजेल कणों पर काम किया है। ये कण ढेर सारा पानी सोख लेते हैं और आमतौर पर आपस में जमे रहते हैं।
गरमी का तेज झटका लगते ही ये कण कुछ देर के लिए अपनी संरचना खो देते हैं, ढीले पड़ जाते हैं और बहने लगते हैं।
वैज्ञानिकों का मानना है कि इस तकनीक के जरिए चिकित्सक सीधे उस जगह पर दवा पहुंचा सकेंगे, जहां इसकी सबसे ज्यादा जरूरत है, जैसे कि ट्यूमर में। इससे मरीजों पर होने वाले साइड इफेक्ट्स भी काफी कम किए जा सकेंगे।