वैज्ञानिकों ने खोजा अल्जाइमर से बचाने वाला दुर्लभ APOE2 जीन
बक इंस्टीट्यूट के वैज्ञानिकों ने एक अहम खोज की है। उन्होंने पाया है कि APOE2 नाम का एक दुर्लभ जीन वेरिएंट दिमाग को बुढ़ापे और अल्जाइमर की बीमारी से बचा सकता है।
इस शोध के मुताबिक, APOE2 न्यूरॉन्स के DNA की मरम्मत करता है, जिससे वे उम्र बढ़ने के साथ भी स्वस्थ बने रहते हैं।
इस खोज से उन लोगों के लिए नए इलाज की उम्मीद जगी है, जिन्हें याददाश्त खोने का ज्यादा खतरा है।
DNA क्षति को कम करता है APOE4
अध्ययन में यह भी सामने आया कि APOE2 वेरिएंट वाले DNA में APOE4 वेरिएंट के मुकाबले कम नुकसान होता है। जिन न्यूरॉन्स में APOE2 मौजूद था, उनमें DNA को कम क्षति हुई थी और उसकी मरम्मत करने की क्षमता भी ज्यादा बेहतर थी।
इतना ही नहीं, जब वैज्ञानिकों ने APOE4 वाली कोशिकाओं में APOE2 प्रोटीन डाला तो तनाव से होने वाली क्षति भी कम हो गई।
इससे पता चलता है कि APOE2 के सुरक्षात्मक प्रभावों को अन्य कोशिकाओं तक भी पहुंचाया जा सकता है। ये नतीजे अल्जाइमर के भविष्य के इलाज के लिए नए द्वार खोलते हैं।