ईरान हमले के वीडियो में बजा 'फायरवर्क' गाना, कैटी पेरी ने ट्रंप प्रशासन को लगाई फटकार
क्या है खबर?
व्हाइट हाउस के आधिकारिक टिकटॉक अकाउंट पर ईरान के खिलाफ हुए सैन्य हमलों का एक वीडियो शेयर किया गया, जिसमें बैकग्राउंड में मशहूर अमेरिकी पॉप गायिका कैटी पेरी का सुपरहिट गाना 'फायरवर्क' बज रहा था। वीडियो में अमेरिकी सैन्य कार्रवाई के फुटेज दिखाए गए थे और साथ ही लिखा था ईरान को चेतावनी दे दी गई है। अपने इस बेहद लोकप्रिय गाने का इस तरह युद्ध और सैन्य हमलों से जुड़े वीडियो में इस्तेमाल देखकर केटी बुरी तरह भड़क गईं।
वीडियो
ट्रंप सरकार की हरकत पर भड़कीं पॉप स्टार
व्हाइट हाउस के आधिकारिक टिकटॉक अकाउंट ने इस हफ्ते की शुरुआत में एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें गाने के 'बूम, बूम, बूम' बोलों के साथ बमबारी के ब्लैक-एंड-व्हाइट फुटेज दिखाए गए थे।
इस पोस्ट का कैप्शन था, 'ईरान को चेतावनी दे दी गई है।'
कैटी पेरी ने अपने साल 2010 के इस सुपरहिट गाने को सैन्य हमलों के वीडियो में इस्तेमाल करने पर सोशल मीडिया के जरिए ट्रंप प्रशासन की कड़ी निंदा की और अपना कड़ा विरोध जताया।
नाराजगी
व्हाइट हाउस के टिकटॉक वीडियो पर कैटी ने यूं जताई नाराजगी
कैटी ने एक्स पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए लिखा, 'मैं व्हाइट हाउस के टिकटॉक अकाउंट पर सैन्य हमलों के वीडियो फुटेज के बैकग्राउंड म्यूजिक के रूप में अपने गाने 'फायरवर्क' का इस्तेमाल देखकर बेहद स्तब्ध और गुस्से में हूं। मैंने इसके लिए कोई मंजूरी नहीं दी थी, ना ही मुझसे पूछा गया था और मैं इसका बिल्कुल भी समर्थन नहीं करती हूं। मैंने ये गाना उम्मीद, मरहम और प्रेरणा देने के लिए लिखा था।'
मूल भावना
'तबाही और हिंसा के लिए नहीं था ये गाना- कैटी
गायिका ने कहा कि उन्होंने 'फायरवर्क' गाना लोगों को उनके मुश्किल समय में उम्मीद, सुकून और अंदरूनी ताकत देने के लिए लिखा था।
युद्ध और तबाही के वीडियो में इसका इस्तेमाल देखकर दुख जताते हुए उन्होंने कहा, "मेरा ये गाना लोगों को आत्मविश्वास देने के लिए था, लेकिन खुद को बेहतर महसूस कराने वाले इस संदेश को तबाही और हिंसा के प्रचार के लिए इस्तेमाल करना मेरे गाने की मूल भावना का पूरी तरह से अनादर है।'
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए कैटी पेरी का पोस्ट
I am deeply appalled and angry to see “Firework” used on the @WhiteHouse TikTok account as a backing track for video footage of military strikes. I did not approve this, I was not asked, and I absolutely do not condone it.
— KATY PERRY (@katyperry) July 25, 2026
I wrote this song to be an anthem of hope, healing, and…
मकसद
कैटी ने लिखा- लोगों को जोड़ना है मेरे संगीत का मकसद
कैटी ने लिखा, 'मेरा संगीत लोगों को करीब लाने के लिए है, ना कि युद्ध और हिंसा का जश्न मनाने के लिए।'
साल 2010 में आए केटी के सुपरहिट एल्बम 'टीनेज ड्रीम' के तीसरे सिंगल के रूप में रिलीज हुआ ये गाना 'फायरवर्क' उनके करियर के सबसे कालजयी गानों में से एक बन गया था।
इस गाने ने बिलबोर्ड हॉट 100 की सूची में लगातार हफ्तों तक नंबर-1 पर रहकर इतिहास रचा था।
कलाकार
ट्रंप प्रशासन पर पहले भी फूटा कलाकारों का गुस्सा
कैटी उन कलाकारों में शामिल हो गई हैं, जिन्होंने ट्रंप प्रशासन द्वारा राजनीतिक व प्रचार वीडियो में बिना अनुमति गाने इस्तेमाल करने पर नाराजगी जताई है।
इससे पहले जून में एरियाना ग्रांडे ने व्हाइट हाउस के उस वीडियो पर आपत्ति जताई थी, जिसमें उनके गाने 'बाय' के साथ प्रवासियों को गिरफ्तार करते दिखाया गया था।
गायिका केशा ने भी लड़ाकू विमानों और सैन्य हमलों के वीडियो में अपने गाने 'ब्लो' के बिना इजाजत इस्तेमाल पर ट्रंप सरकार को घेरा था।