AI में प्रतिस्पर्धा करने के लिए सत्य नडेला ने अपनी टीम में किया भारी बदलाव
माइक्रोसॉफ्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सत्य नडेला ने कंपनी की पुरानी वरिष्ठ नेतृत्व टीम में फेरबदल किया है।
इसका मकसद आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की तेज रफ्तार के हिसाब से फैसले भी जल्दी लिए जा सकें। अब एक बड़े समूह की जगह छोटी और फुर्तीली टीमें बनाई गई हैं, जो सीधे कामकाज से जुड़ी रहेंगी।
यह फेरबदल ऐसे समय में किया गया है, जब माइक्रोसॉफ्ट 2008 के बाद से अपनी सबसे मुश्किल तिमाही से उबरने की कोशिश कर रही है और AI की इस तेज दौड़ में किसी से पीछे नहीं रहना चाहती।
कंपनी ने बनाईं नई AI टीमें
कंपनी ने एक नई व्यवस्था बनाई है, जिसमें 3 मुख्य टीमें शामिल हैं। इसमें पहली, एक 5 सदस्यों वाली टीम है, जो कंपनी के संचालन की देखरेख करेगी।
दूसरी,35 इंजीनियर्स की एक टीम है, जो नए प्रोडक्ट्स पर फोकस करेगी।और तीसरी एक खास 'कोपायलट AI टीम' है, जो सीधे नडेला के साथ मिलकर काम करेगी।
इस फेरबदल के चलते कई बड़े अधिकारियों ने पद छोड़ दिए हैं या छोड़ने वाले हैं। इनमें माइक्रोसॉफ्ट के सबसे प्रभावशाली प्रोडक्ट लीडर्स में से एक राजेश झा भी शामिल हैं, जो 1 जुलाई को रिटायर हो जाएंगे।
इसके अलावा, 35 साल से कंपनी से जुड़े रहे और कंज्यूमर चीफ मार्केटिंग ऑफिसर रहे यूसुफ मेधी भी कंपनी छोड़ रहे हैं।
नडेला इस पूरे काम पर खुद कड़ी नजर रख रहे हैं। वे हर सप्ताह AI के परफॉरमेंस की खुद समीक्षा करते हैं, ताकि माइक्रोसॉफ्ट इस तेजी से बदलते टेक रेस में हमेशा आगे रहे और तुरंत जवाब दे सके।