'कॉकटेल 2' ने दूसरे दिन बॉक्स ऑफिस पर उड़ाया गर्दा, कर डाली ताबड़तोड़ कमाई
क्या है खबर?
शाहिद कपूर की रोमांटिक कॉमेडी फिल्म 'कॉकटेल 2' ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है। पहले दिन इसने दोहरे आंकड़ों के साथ अपना खाता खोला था और दूसरे ही दिन जमकर वीकेंड का फायदा उठाया। होमी अदजानिया द्वारा निर्देशित और मैडॉक फिल्म्स द्वारा निर्मित फिल्म ने 2 दिन के अंदर 20 करोड़ रुपये से ज्यादा कमाई करके दिखा दी है। फिल्म की दूसरे दिन की कमाई के ताजा आंकड़ें आ गए हैं। आइए डालते हैं एक नजर।
कलेक्शन
'कॉकटेल 2' ने बॉक्स ऑफिस पर बनाया दबदबा
सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के दूसरे दिन, यानी शनिवार को 16.25 करोड़ रुपये कमाए हैं। इससे पहले, फिल्म ने शुक्रवार को 13.50 करोड़ रुपये के साथ ओपनिंग ली थी। इस तरह कुल कलेक्शन 29.75 करोड़ रुपये हो गया है। विदेशों में, इसने दूसरे दिन 8 करोड़ कमाए हैं, जिससे इसकी कुल विदेशी कमाई अब तक 15.25 करोड़ रुपये हो गई है। इसके साथ ही,'कॉकटेल 2' का वैश्विक कुल कलेक्शन 50.95 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
फिल्म
लव ट्रायएंगल के इर्द-गिर्द घूमती है फिल्म की कहानी
फिल्म में शाहिद के साथ रश्मिका मंदाना और कृति सैनन मुख्य किरदारों में हैं। शाहिद ने कुणाल नाम के दिल्ली के लड़के का किरदार निभाया है, जो काफी समय से अपनी गर्लफ्रेंड दीया (रश्मिका) के साथ रह रहा है। कहानी में मोड़ तब आता है, जब उनकी जिंदगी में एली (कृति) की एंट्री होती है, जो दीया की दोस्त है। यहीं से कहानी लव ट्रायएंगल का मोड़ लेती है। दर्शकों और समीक्षकों से फिल्म को सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।