सर्वम AI ने अपना टोकन फैक्ट्री प्लेटफॉर्म शुरू किया है। इससे यूजर चीन के डीपसीक जैसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल के साथ-साथ भारत में बने मॉडल भी इस्तेमाल कर सकेंगे।
इस कदम से एक नई बहस शुरू हो गई है। ऐसा इसलिए क्योंकि सर्वम हमेशा से भारत को AI में आत्मनिर्भर बनाने की वकालत करता रहा है।
यह नया प्लेटफॉर्म कई मॉडल्स को एक ही API के जरिए एक साथ लाता है और ये सभी भारत के अपने इंफ्रास्ट्रक्चर पर चलते हैं।
सह संस्थापकों ने प्रतिबद्धता दोहराई
सह संस्थापक प्रत्युष कुमार ने कहा कि वे अभी भी भारत में बने AI मॉडल बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। आलोचनाओं के बावजूद वे इस पर कड़ी मेहनत कर रहे हैं।
सरकारी संसाधनों के इस्तेमाल को लेकर उठ रहे सवालों पर सह संस्थापक विवेक राघवन ने जवाब दिया। उन्होंने बताया कि उनका इंफ्रास्ट्रक्चर निजी फंड से चलता है।
इससे डाटा सुरक्षित रहता है और बड़े AI सिस्टम चलाने में आने वाले भारी खर्चों को भी संभाला जा सकता है। सर्वम का कहना है कि वे अपने व्यापारिक लक्ष्यों और भारत की तकनीकी महत्वाकांक्षाओं को साथ लेकर चलने की कोशिश कर रहे हैं।