सर्वम AI ने अपना नया मॉडल किया पेश, बिना इंटरनेट यूजर्स कर सकेंगे उपयोग
क्या है खबर?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी सर्वम AI ने एक नए ऑन-डिवाइस प्लेटफॉर्म को पेश किया है। कंपनी ने इसका नाम 'सर्वम एज' रखा है। यह प्लेटफॉर्म बिना इंटरनेट या क्लाउड सर्वर के सीधे स्मार्टफोन और लैपटॉप पर काम करेगा। कंपनी का कहना है कि इसका मकसद AI को तेज, सुरक्षित और रोजमर्रा के उपयोग के लिए आसान बनाना है। इससे यूजर का डाटा डिवाइस में ही रहेगा और बाहरी सर्वर पर नहीं जाएगा।
खासियत
क्या है सर्वम एज की खासियत?
सर्वम एज की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह पूरी तरह ऑफलाइन काम करता है। इसमें स्पीच रिकग्निशन, टेक्स्ट-टू-स्पीच और ट्रांसलेशन जैसी सुविधाएं शामिल हैं। एक ही मॉडल ऑटोमैटिक भाषा पहचान के साथ 10 भारतीय भाषाओं को सपोर्ट करता है। ट्रांसलेशन सिस्टम 11 भाषाओं में काम करता है और 110 भाषा जोड़ी में अनुवाद कर सकता है। यूजर को भाषा चुनने की जरूरत नहीं होगी, सिस्टम खुद पहचान लेगा।
काम
कैसे करेगा यह काम?
यह प्लेटफॉर्म डिवाइस की मौजूदा कंप्यूटिंग पावर का इस्तेमाल करता है। कंपनी का कहना है कि आधुनिक स्मार्टफोन और लैपटॉप में इतने संसाधन होते हैं कि वे एडवांस्ड AI मॉडल को लोकल लेवल पर चला सकें। सर्वम एज कम मेमोरी में तेज रिस्पॉन्स देने के लिए तैयार किया गया है। रियल-टाइम ट्रांसक्रिप्शन और तुरंत ट्रांसलेशन जैसी सुविधाएं बिना नेटवर्क देरी के काम करेंगी, जिससे कमजोर नेटवर्क वाले इलाकों में भी इसका उपयोग संभव होगा।
उपलब्धता
अतिरिक्त स्टोरेज की जरूरत नहीं होगी
कंपनी का कहना है कि सर्वम एज को मोबाइल प्रोसेसर और लैपटॉप के लिए खास तौर पर ऑप्टिमाइज किया गया है। इसके लिए किसी खास हार्डवेयर या अतिरिक्त स्टोरेज की जरूरत नहीं होगी। इसे वॉइस-आधारित ऐप, शिक्षा, एक्सेसिबिलिटी, फाइनेंस और रोजमर्रा की उत्पादकता के लिए उपयोगी बताया गया है। सर्वम AI का लक्ष्य है कि भविष्य में AI को इंटरनेट पर निर्भर सेवा नहीं, बल्कि हर डिवाइस का सामान्य हिस्सा बनाया जाए।