सैमसंग गैलेक्सी अनपैक्ड इवेंट 25 फरवरी को होगा आयोजित, कब और कैसे देख सकेंगे लाइव?
क्या है खबर?
टेक दिग्गज कंपनी सैमसंग इस महीने अपना गैलेक्सी अनपैक्ड इवेंट आयोजित करने वाली है। इस बड़े लॉन्च कार्यक्रम को लेकर कंपनी ने आज (11 फरवरी) आधिकारिक तौर पर तारीखों की घोषणा कर दी है और यह 25 फरवरी को आयोजित किया जाएगा। इस इवेंट को लेकर टेक इंडस्ट्री में काफी उत्साह है, क्योंकि सैमसंग इसमें अपने नए फ्लैगशिप स्मार्टफोन और गैलेक्सी AI से जुड़े कई अहम अपडेट पेश करने वाली है।
गैलेक्सी S26
गैलेक्सी S26 सीरीज में क्या हो सकता है नया?
इस इवेंट में सैमसंग अपनी नई गैलेक्सी S26 सीरीज पेश कर सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक गैलेक्सी S26, S26+ और S26 अल्ट्रा में नया स्नैपड्रैगन 8 एलीट जेन 5 प्रोसेसर मिल सकता है। स्मार्टफोन में ज्यादा रैम और स्टोरेज मिलने की भी उम्मीद है। खासतौर पर गैलेक्सी S26 अल्ट्रा में कैमरा सिस्टम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है, जिससे फोटो और वीडियो क्वालिटी और बेहतर हो सकती है।
ऑफर
नए एक्सेसरी और प्री-ऑर्डर ऑफर
स्मार्टफोन के साथ सैमसंग इस इवेंट में गैलेक्सी बड्स 4 और बड्स 4 प्रो भी लॉन्च कर सकती है। इनमें नया डिजाइन, हेड जेस्चर सपोर्ट और बेहतर ट्रैकिंग फीचर मिलने की संभावना है। कंपनी इवेंट से पहले रिजर्वेशन करने वालों को खास ऑफर भी दे रही है। प्री-ऑर्डर करने पर अतिरिक्त छूट, ट्रेड-इन पर बचत और गिफ्ट कार्ड जीतने का मौका मिल सकता है, जिससे ग्राहकों को खरीदारी में फायदा होगा।
तरीका
कहां और कैसे देखें लाइव इवेंट?
सैमसंग गैलेक्सी अनपैक्ड इवेंट 2026 को दुनियाभर के दर्शक लाइव देख सकेंगे। यह कार्यक्रम 25 फरवरी, 2026 को भारतीय समय अनुसार रात 11:30 बजे शुरू होगा। सैमसंग इस इवेंट की लाइव स्ट्रीमिंग अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल, Samsung.com और कंपनी के न्यूजरूम प्लेटफॉर्म पर करेगा। अगर आप नए फोन और फीचर्स की जानकारी सबसे पहले लेना चाहते हैं, तो आप इन प्लेटफॉर्म्स पर जाकर आसानी से लाइव इवेंट देख सकते हैं।