सैमसंग गैलेक्सी S26 सीरीज AI फीचर्स के साथ आज होगी लॉन्च, कैसे देखें लाइव इवेंट?
क्या है खबर?
सैमसंग आज (25 फरवरी) रात अपने गैलेक्सी S26 सीरीज को लॉन्च करेगी। इसके लिए कंपनी ने एक बड़ा लॉन्च इवेंट आज रात 11:30 बजे आयोजित किया है। इस इवेंट में कंपनी अपने नए फ्लैगशिप स्मार्टफोन के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) फीचर्स पर खास फोकस करेगी। माना जा रहा है कि गैलेक्सी AI को और बेहतर बनाया जाएगा, जिससे स्मार्टफोन यूजर्स का रोजमर्रा का अनुभव ज्यादा आसान और स्मार्ट हो सके।
गैलेक्सी S26
गैलेक्सी S26 सीरीज में क्या मिल सकता है?
गैलेक्सी S26 सीरीज में तीन मॉडल (गैलेक्सी S26, S26 प्लस और S26 अल्ट्रा) लॉन्च होने की उम्मीद है। फोन में नया यूनिफाइड कैमरा मॉड्यूल और पतले बेजल देखने को मिल सकते हैं। S26 अल्ट्रा में 200MP का मेन कैमरा मिलने की संभावना है। इसके अलावा, बेहतर डिस्प्ले के लिए नए M14 AMOLED पैनल और क्षेत्र के अनुसार अलग-अलग चिपसेट का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसमें फोटो, स्मार्ट असिस्टेंट, रियल-टाइम ट्रांसलेशन और एडिटिंग जैसे AI फीचर्स बेहतर हो सकते हैं।
अन्य डिवाइस
स्मार्टफोन के अलावा और क्या हो सकता है लॉन्च?
आज इवेंट में स्मार्टफोन के अलावा सैमसंग गैलेक्सी बड्स 4 सीरीज भी पेश कर सकती है। इसमें गैलेक्सी बड्स 4 और गैलेक्सी बड्स 4 प्रो शामिल हो सकते हैं। नए बड्स में बेहतर साउंड क्वालिटी और नॉइज कैंसलेशन फीचर मिलने की उम्मीद है। कुछ रिपोर्ट्स में गैलेक्सी S26 अल्ट्रा में इनबिल्ट प्राइवेसी स्क्रीन फीचर और बेहतर इमेज प्रोसेसिंग तकनीक की भी चर्चा की गई है, जो यूजर्स के लिए अतिरिक्त सुविधा दे सकती है।
तरीका
कब और कैसे देखें लॉन्च इवेंट?
सैमसंग का गैलेक्सी अनपैक्ड इवेंट भारतीय समय अनुसार आज रात 11:30 बजे शुरू होगा। यह बड़ा और बहुप्रतीक्षित लॉन्च इवेंट अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में आयोजित किया जा रहा है। यूजर्स इस लॉन्च को सैमसंग की आधिकारिक वेबसाइट और कंपनी के यूट्यूब चैनल पर लाइव स्ट्रीम के जरिए आसानी से देख सकते हैं। इस इवेंट के दौरान कंपनी नए फीचर्स, डिजाइन, स्पेसिफिकेशन और कीमत से जुड़ी अहम जानकारी भी साझा करेगी।