सैमसंग ने ह्यूमनॉइड रोबोट्स के लिए बनाया रोबोटिक्स एक्सपीरियंस विभाग
सैमसंग रोबोट पर बहुत बड़ा दांव लगा रही है। कंपनी ने एक नया रोबोटिक्स एक्सपीरियंस (RX) विभाग बनाया है, जो सीधे मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) को रिपोर्ट करेगा।
इसका मकसद अगली जनरेशन के रोबोटिक्स को विकसित करना और इसी साल के आखिर तक मानव जैसे दिखने वाले ह्यूमनॉइड रोबोट बनाने में वास्तविक प्रगति करना है।
इसके अलावा, कंपनी ने अमेरिका, चीन और जापान में रिसर्च हब खोलने की भी योजना बनाई है, ताकि वहां के स्थानीय तकनीकी कौशल का फायदा उठाया जा सके।
ली डोंगकुन संभालेंगे रोबोटिक्स स्ट्रैटेजी की कमान
RX टीम में ली डोंगकुन को भी शामिल किया जाएगा, जो इस विभाग के अंदर रोबोटिक्स स्ट्रैटेजी टीम की कमान संभालेंगे।
इससे पहले वे हुंडई मोटर समूह में भी रोबोटिक्स रणनीति का काम देख चुके हैं। यहां तक कि उन्होंने बोस्टन डायनेमिक्स की भी जिम्मेदारी संभाली थी। इसलिए, वे इस मामले में बहुत जानकार हैं।
सैमसंग चाहता है कि ये ह्यूमनॉइड रोबोट पहले कारखानों में काम शुरू करें और आगे चलकर घरों और दुकानों में भी मदद करेंगे।
इसके लिए कंपनी निवेश करने और पार्टनरशिप करने की योजना बना रही है। उसका मानना है कि फिजिकल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) ही इस पूरे काम की चाबी है और ये सैमसंग की आने वाली तरक्की का एक बड़ा हिस्सा होगा।