ChatGPT यूजर्स में भारत ने अमेरिका को पीछे छोड़ा, सैम ऑल्टमैन ने किया खुलासा
OpenAI के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सैम ऑल्टमैन ने हाल ही में बताया है कि ChatGPT के सबसे ज्यादा यूजर अब भारत में हैं, जिसने अमेरिका को पीछे छोड़ दिया है।
उन्होंने इसकी वजह भारत के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को लेकर सकारात्मक रवैये को बताया। यहां के लोग AI का इस्तेमाल बिजनेस शुरू करने से लेकर रोजमर्रा की समस्याओं को सुलझाने तक हर काम में कर रहे हैं।
ऑल्टमैन ने एक भारतीय बच्चे का जिक्र किया, जिसने कंपनी के टूल्स का इस्तेमाल करके सफलतापूर्वक एक फंडरेजिंग कैंपेन चलाया।
भारत-अमेरिका में अलग-अलग रवैया
ऑल्टमैन इस उत्साह को भारत की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था से जोड़ते हैं, जो नए तकनीकी समाधान की तलाश में है।
एक तरफ, जहां कई अमेरिकी AI और बड़ी टेक कंपनियों की ताकत को लेकर अब भी सतर्क हैं, वहीं भारतीय इसको तरक्की और नए मौकों के साधन के तौर पर देखते हैं।
OpenAI प्रमुख का मानना है कि यह फर्क दोनों देशों के अपने-अपने आर्थिक और तकनीकी माहौल की वजह से हो सकता है।