भारत बन सकता है फुल-स्टैक AI लीडर, सैम ऑल्टमैन ने कही बड़ी बात
क्या है खबर?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी OpenAI के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सैम ऑल्टमैन ने दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र देश भारत में 'लोकतांत्रिक AI' दृष्टिकोण अपनाने की वकालत की है। उन्होंने भारत को संभावित 'फुल-स्टैक AI लीडर' बताया और कंपनी की उपस्थिति बढ़ाने के लिए भारतीय सरकार के साथ साझेदारी मजबूत करने की योजना की घोषणा की। यह घोषणा नई दिल्ली में आयोजित होने वाले इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 से पहले की गई है।
प्रतिबद्धता
भारत में AI विकास को लेकर जताई प्रतिबद्धता
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, ऑल्टमैन ने खुलासा किया कि भारत, अमेरिका के बाद OpenAI का दूसरा सबसे बड़ा यूजर बेस बन गया है। उन्होंने कहा, "कंपनी भारत में AI के विकास में अपना योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है।" ऑल्टमैन ने अपने टूल्स को मुफ्त में उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया, ताकि वे सभी भारतीयों के लिए सुलभ हों। साथ ही खुलासा किया कि यहां उनके टूल्स के लगभग 10 करोड़ साप्ताहिक सक्रिय यूजर हैं।
विस्तार
विस्तार के लिए उठाए ये कदम
ऑल्टमैन ने भारत में OpenAI की हालिया पहलों पर प्रकाश डाला, जिनमें 4 शहरों में 200 से अधिक गैर-लाभकारी संगठनों के नेताओं का एक सम्मेलन शामिल था, जहां उन्हें ChatGPT का उपयोग करना सिखाया गया। उन्होंने पिछले साल अगस्त में दिल्ली में अपने पहले कार्यालय के उद्घाटन। इस वर्ष और विस्तार की योजनाओं का भी उल्लेख किया। ऑल्टमैन अगले सप्ताह इंडिया AI इम्पैक्ट समिट में भाग लेने आएंगे। उन्होंने सरकार के साथ साझेदारी होने का संकेत दिया।