आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कोडिंग प्लेटफॉर्म रॉकेट न्यू 31 दिसंबर को हमेशा के लिए बंद होने वाला है, जिसे पहले धीवाइज के नाम से जाना जाता था।
कंपनी ने यह कदम तब उठाया जब EY नाम की एक वित्तीय सलाहकार कंपनी ने जांच की। इसमें पता चला कि कंपनी के हिसाब-किताब में बड़ी गड़बड़ियां हैं, जिसके कारण उसे मिलने वाला नया फंड रुक गया।
उसने 28 नवंबर को ही अपने यूजर्स को इसकी जानकारी दे दी थी। उनसे कहा गया है कि सब कुछ ऑनलाइन बंद होने से पहले वे अपने प्रोजेक्ट्स को सेव कर लें।
5 दिसंबर से कुछ फीचर्स हो जाएंगे बंद
आप 5 दिसंबर तक रॉकेट न्यू का इस्तेमाल सामान्य तरीके से कर सकते हैं। इसके बाद कोड बनाने और क्रेडिट का इस्तेमाल करने वाले दूसरे फीचर्स काम करना बंद कर देंगे, लेकिन आप अंतिम रूप से बंद होने तक अपने प्रोजेक्ट डाउनलोड कर पाएंगे, वेबसाइट पब्लिश कर पाएंगे, कस्टम डोमेन का उपयोग कर पाएंगे, गिटहब के साथ सिंक्रनाइज कर पाएंगे और APK फाइल्स भी डाउनलोड कर सकेंगे।
कंपनी ने नए साइन-अप और सब्सक्रिप्शन लेना पहले ही बंद कर दिया है। जिन यूजर्स के सब्सक्रिप्शन का पैसा बचा हुआ है, उसे साल के अंत तक वापस कर दिया जाएगा।
सपोर्ट टीम डाटा माइग्रेशन में आपकी मदद के लिए मौजूद रहेगी क्योंकि 31 दिसंबर के बाद सभी अकाउंट और उन पर होस्ट किए गए प्रोजेक्ट हट जाएंगे।