रिपल ने AI लेन-देन के लिए प्रिवी वॉलेट XRP लेजर में किया शामिल
अमेरिकी क्रिप्टोकरेंसी और भुगतान नेटवर्क रिपल ने अभी हाल ही में स्ट्राइप की प्रिवी वॉलेट तकनीक को XRP लेजर में शामिल किया है। इससे ऐप्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एजेंट्स के लिए भुगतान करना और भी आसान हो जाएगा।
अब डेवलपर्स अपने ऐप्स में सीधे वॉलेट फीचर्स जोड़ पाएंगे। इससे यूजर बिना किसी उलझन वाले क्रिप्टो वॉलेट के सीधे XRP या अमेरिकी डॉलर से जुड़ी स्टेबलकॉइन रिपल USD (RLUSD) से भुगतान कर सकेंगे।
AI लेन-देन में प्रिवी सुरक्षा संभालेगा
प्रिवी पर्दे के पीछे रहकर सुरक्षा से जुड़े सभी मुश्किल कामों को खुद ही संभाल लेता है। इससे यूजर्स और डेवलपर्स दोनों को ही एक आसान अनुभव मिलता है।
यह नया सुधार ऐसे समय में आया है, जब XRP लेजर पर AI आधारित लेन-देन तेजी से बढ़ रहे हैं। बुधवार तक 169 पंजीकृत व्यापारियों के जरिए कुल 1.43 करोड़ से ज्यादा लेन-देन हो चुके हैं।
रिपल ने जून में डेवलपर्स के लिए कई टूल पेश करना शुरू किया था। फिर सितंबर में इसने अपनी किट को और बेहतर बनाते हुए स्ट्राइप और टेंपो द्वारा बनाए गए भुगतान मानक को भी सपोर्ट देना शुरू कर दिया।