क्या जन्म क्रम तय करता है आपकी सेहत का राज? अमेरिकी शोध में चौंकाने वाला खुलासा
क्या आपने कभी सोचा है कि आपके परिवार में सबसे बड़ा या सबसे छोटा होने से आपके स्वास्थ्य पर कोई असर पड़ता है? अमेरिका में करीब 51 लाख 2 बच्चों वाले परिवारों पर किए गए एक बड़े शोध से यह बात सामने आई है कि पहले जन्मे बच्चों में दिमाग के विकास से जुड़ी दिक्कतें और एलर्जी का खतरा ज्यादा होता है।
उधर, दूसरे नंबर पर पैदा हुए बच्चों को नशे की लत और पेट से जुड़ी बीमारियों का जोखिम अधिक होता है।
उम्र का अंतर कम होने से घटता है जोखिम
शोधकर्ताओं ने भाई-बहनों के जोड़ों का अध्ययन किया और पाया कि भले ही उनकी परवरिश एक जैसी रही हो, लेकिन जन्म क्रम का उनके स्वास्थ्य जोखिमों पर असर पड़ता है।
यह भी सामने आया कि अगर, भाई-बहनों के बीच उम्र का फासला कम हो तो दोनों बच्चों में कुछ जोखिम कम हो सकते हैं। हालांकि, जन्म क्रम ही एकमात्र कारण नहीं है, लेकिन इन नतीजों से चिकित्सकों को यह समझने में मदद मिल सकती है कि किसी व्यक्ति के स्वास्थ्य की जांच और बीमारियों से बचाव के लिए निजी योजनाएं कैसे बनाई जाएं, खासकर परिवार में उसके जन्म क्रम के हिसाब से।