AI से नौकरियों पर खतरे को लेकर रेप्लिका प्रमुख की चेतावनी, कहा- सड़क पर उतरेंगे लोग
रेप्लिका की प्रमुख यूजेनिया कूयडा ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से नौकरियों को होने वाले खतरे को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि AI नौकरियों के बाजार में काफी बड़ा बदलाव ला सकता है।
हालिया पॉडकास्ट में उन्होंने बताया कि AI की वजह से नौकरियां जाने का डर 'बिलकुल जायज' है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर, इस डर को दूर नहीं किया गया तो लोग सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर सकते हैं।
टेक शहरों तक सीमित नहीं है डर
कूयडा ने बताया कि नौकरियों का डर सिर्फ बड़े टेक शहरों तक ही सीमित नहीं है। उन्होंने कहा, "हम ऐसे शहरों में रहते हैं, जहां सब कुछ केवल भविष्य की बातें होती हैं, लेकिन जैसे ही आप इन शहरों से बाहर निकलते हैं तो माहौल काफी डरावना लगता है।" उनका इशारा था कि नौकरी खोने की चिंता हर जगह काम करने वालों में बढ़ती जा रही है।
जूनियर पदों पर भर्ती हुई मुश्किल
रेप्लिका प्रमुख ने यह भी माना कि AI के कारण जूनियर पदों पर भर्ती करना अब मुश्किल हो गया है। उन्होंने समझाया कि AI अब कई काम खुद ही संभाल लेता है।
कूयडा के मुताबिक, "यह तरीका बहुत महंगा है और बिल्कुल भी टिकाऊ नहीं रह गया है।" उन्होंने साफ शब्दों में कहा, "मैं अब इन जूनियर नौकरियों के लिए लोगों को नहीं रख रही और मैं नहीं जानती कि कोई और रख भी रहा है या नहीं।" यह बात दिखाती है कि AI-आधारित दुनिया में नए अवसरों की उम्मीद और रोजगार खोने के डर के बीच एक बड़ी खाई बनती जा रही है।