Page Loader
ऑनलाइन लीक हुए गूगल पिक्सल वॉच के रेंडर्स, मिल सकता है वियरOS का सपोर्ट

ऑनलाइन लीक हुए गूगल पिक्सल वॉच के रेंडर्स, मिल सकता है वियरOS का सपोर्ट

Apr 10, 2021
06:35 pm

क्या है खबर?

पिछले कुछ वक्त से सर्च इंजन कंपनी गूगल के नए वियरेबल से जुड़े लीक्स सामने आ रहे हैं और अब गूगल पिक्सल वॉच के पहले रेंडर्स लीक हुए हैं। पिछले काफी वक्त से अफवाहों में सुनने को मिला था कि गूगल की पहली स्मार्टवॉच वियरOS पावर्ड हो सकती है। टिप्सटर की ओर से गूगल पिक्सल वॉच के कई रेंडर्स शेयर किए गए हैं और पता चला है कि कंपनी ने इसका कोडनेम 'रोहन' रखा है।

लीक्स

गोल डायल और बेजललेस डिस्प्ले

लोकप्रिय टिप्सटर और टेक एनालिस्ट जॉन प्रोसर ने अपने ट्विटर अकाउंट से गूगल पिक्सल वॉच के पहले रेंडर्स शेयर किए हैं। यह स्मार्टवॉच बड़े गोल डायल और बेजल-लेस डिजाइन के साथ दिख रही है। खास बात यह है कि ऐपल वॉच की तर्ज पर इसमें भी एक फिजिकल क्राउन दिया गया है, जैसा सामान्य एनालॉग वॉचेस में देखने को मिलता है। गूगल सैमसंग और ऐपल दोनों के वियरेबल्स से प्रेरणा लेकर इसे डिजाइन कर सकती है।

डिजाइन

बेहद हल्की होगी गूगल पिक्सल वॉच

रेंडर्स में दिख रहे डिजाइन से अंदाजा लगाया जा सकता है कि गूगल की स्मार्टवॉच काफी हल्की होगी। साफ दिख रहा है कि गूगल पिक्सल वॉच मार्केट में उपलब्ध ज्यादातर स्मार्टवॉच मॉडल्स के मुकाबले पतली है। प्रोसर ने इस वियरेबल से जुड़े कोई स्पेसिफिकेशंस अब तक नहीं बताए हैं लेकिन इसके वियरOS के साथ आने की उम्मीद की जा रही है। वियरOS गूगल का इन-हाउस चिपसेट है, जो फॉसिल और ओप्पो की स्मार्टवॉच में पहले ही मिल रहा है।

रेंडर्स

इससे अलग हो सकता है फाइनल डिवाइस

प्रोसर की ओर से शेयर किए गए रेंडर्स आधिकारिक नहीं है और फाइनल डिवाइस का रेंडर्स में दिख रही इमेज जैसा होना जरूरी नहीं है। दरअसल, रेंडर्स सामने आई जानकारी के आधार पर तैयार किए जाते हैं। यही वजह है कि ओरिजनल इमेजेस के डिजिटल रीक्रिएशन के तौर पर इनसे एक जनरल आइडिया जरूर मिल जाता है। हालांकि, गूगल की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा होने तक इस बारे में कुछ भी पक्का नहीं कहा जा सकता।

लॉन्च

इसी साल अक्टूबर में लॉन्च की उम्मीद

वॉच का डिस्प्ले कर्व सैमसंग गैलेक्सी वॉच ऐक्टिव 2 और रबर स्ट्रैप्स ऐपल वॉच 6 से मिलते-जुलते दिख रहे हैं। स्मार्टवॉच की रिलीज डेट को लेकर कयास लग रहे हैं कि इसे अक्टूबर, 2021 में मार्केट में उतारा जाएगा। अफवाहों में कहा गया है कि इसे गूगल पिक्सल 6 के साथ भी लॉन्च किया जा सकता है। हालांकि, गूगल ने दोनों ही डिवाइसेज से जुड़ी घोषणा नहीं की है इसलिए इंतजार करना बेहतर होगा।