जियो-एयरटेल के मोबाइल प्लांस में अब फ्री मिल रहे AI टूल
रिलायंस जियो और भारती एयरटेल अपने मोबाइल प्लान को और स्मार्ट बना रहे हैं। उन्होंने इन प्लांस में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल जोड़ दिए हैं।
अब आपको प्रीमियम डिजिटल सर्विसेज, जैसे एडवांस्ड चैटबॉट्स और क्रिएटिव ऐप्स के लिए अलग से पैसे नहीं देने पड़ेंगे।
इन सुविधाओं का फायदा आप बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के उठा पाएंगे। यह कदम यूजर्स को खुश तो रखेगा ही। साथ ही हाई-टेक फीचर्स भी लोगों तक आसानी से पहुंचाएगा।
गूगल AI और परप्लेक्सिटी की मिलेगी सुविधा
जियो के प्रीमियम मोबाइल यूजर्स को गूगल की प्रीमियम AI सर्विसेज का 18 महीने का सब्सक्रिप्शन मिलेगा। इसके साथ ही उन्हें 2TB क्लाउड स्टोरेज भी दिया जाएगा। इन दोनों की कीमत 35,000 रुपये से ज्यादा होती है। इस सुविधा से आप सीधे अपने फोन से ईमेल या वीडियो बना पाएंगे।
बात करें एयरटेल की तो उसने परप्लेक्सिटी के साथ हाथ मिलाया है। इसके तहत एक साल के लिए परप्लेक्सिटी प्रो मुफ्त मिलेगा। हाल ही में भारत में इसके यूजर्स 640 फीसदी तक बढ़ गए हैं।
इसके अलावा, एयरटेल ने जनवरी से एडोब के साथ भी साझेदारी की है। इससे यूजर्स को टॉप-टियर डिजाइन टूल्स आसानी से मिल सकेंगे। ये पार्टनरशिप आम मोबाइल प्लान को अब एक पूरा टेक बंडल बना रहे हैं।