रिलायंस का AI डाटा सेंटर्स को लेकर बड़ा प्लान, खर्च करेगी 10 लाख करोड़ रुपये
रिलायंस इंडस्ट्रीज ने एक बड़ी घोषणा की है कि वह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI)-रेडी डाटा सेंटर्स के निर्माण पर 10 लाख करोड़ रुपये का भारी-भरकम निवेश करेगी।
कंपनी की ताजा वार्षिक रिपोर्ट में सामने आया यह फैसला दिखाता है कि मुकेश अंबानी की अगुवाई में रिलायंस भारत को आगे बढ़ाने के लिए तकनीक और ग्रीन एनर्जी जैसे क्षेत्रों पर खास ध्यान दे रही है।
7 साल में पूरा होगा प्रोजेक्ट
इस साल AI इम्पैक्ट समिट में मुकेश अंबानी ने पहली बार इस योजना का जिक्र किया था। उन्होंने इसे 'नेशन-बिल्डिंग कैपिटल' बताया था, जिसका लक्ष्य भारत को आर्थिक और रणनीतिक दोनों ही मोर्चों पर मजबूत बढ़त दिलाना है।
इस पूरे प्रोजेक्ट को अगले 7 सालों में पूरा किया जाएगा। इसमें जियो और रिलायंस मुख्य भूमिका निभाएंगे।
इसके अलावा, कंपनी ग्रीन एनर्जी से जुड़े प्रोजेक्ट्स पर भी बड़ा निवेश कर रही है। यह सारे कदम देश को तकनीक के क्षेत्र में और अधिक आत्मनिर्भर बनाने की उनकी कोशिश का हिस्सा हैं।