पुणे की कंपनी विकसित कर रही मानव रोबोट, जानिए क्या होगा इनका उपयोग
क्या है खबर?
रोबोट बनाने वाली कंपनी पुणे की मुक्स रोबोटिक्स चंद्रमा और मंगल ग्रह पर प्रयोगों के लिए मानव रोबोट विकसित कर रही है।
डॉ मुकेश बांगर द्वारा स्थापित कंपनी स्पेसियो प्राइम और मंगल मिशन के लिए रोबो प्राइम जैसे उन्नत रोबोट पर काम कर रही है।
इन रोबोट्स को ग्रहों से संबंधित डाटा एकत्र करने और उसका विश्लेषण करने के लिए डिजाइन किया गया है, ताकि वे वास्तविक समय में अनुमान और महत्त्वपूर्ण डाटा सीधे पृथ्वी को उपलब्ध करा सकें।
खासियत
इन खासियतों से लैस हैं रोबोट
स्पेसियो प्राइम अपनी उन्नत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का लाभ उठाकर मंगल ग्रह और उससे आगे की कॉलोनियों के निर्माण में सहायता करने की क्षमता से लैस है।
ग्रहों के वातावरण को नेविगेट करने और उसका विश्लेषण करने की रोबोट की क्षमता इसे भविष्य के अंतरिक्ष मिशनों के लिए महत्त्वपूर्ण बनाती है।
दूसरी ओर, रोबो प्राइम को विशेष रूप से मंगल ग्रह के लिए डिजाइन किया है। यह ऐसे कार्य कर सकता है, जो मानव क्षमताओं से परे हैं।
उद्देश्य
रोबोट विकसित करने के पीछे कंपनी ने बताया यह उद्देश्य
मुक्स रोबोटिक्स के संस्थापक डॉ. बांगर ने हाल ही में इंडिया टुडे कॉन्क्लेव 2025 में रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (DRDO) के साथ कंपनी के सहयोग पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि मुक्स रोबोटिक्स ऐसे रोबोट विकसित कर रहा है, जो मनुष्यों के लिए दुर्गम क्षेत्रों का पता लगा सकते हैं, जिससे अन्य ग्रहों पर स्थायी मानव उपस्थिति का मार्ग प्रशस्त होगा।
कंपनी का उद्देश्य आत्मनिर्भर कॉलोनियों का निर्माण करने के लिए अन्य ग्रहों पर इंटेलिजेंस रोबोट भेजना शामिल है।