एंथ्रोपिक ने AI को लेकर ऑस्ट्रेलिया के नियमों का किया समर्थन
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) चैटबॉट कंपनी एंथ्रोपिक ने कहा है कि वह ऑस्ट्रेलिया में ऐसे नए कानूनों का स्वागत करती है, जिनके तहत AI कंपनियों को डेटा ब्रीच की जानकारी सार्वजनिक करनी होगी।
उसने हाल ही में हुई एक सरकारी जांच के दौरान अपनी राय रखी और बताया कि वे ऐसे नियमों को मानने के लिए तैयार हैं, जिनमें AI कंपनियों के लिए सिक्योरिटी ब्रीच का खुलासा करना अनिवार्य होगा।
यह बात ऐसे समय में सामने आई है, जब कुछ सप्ताह पहले खबर आई थी कि OpenAI के एक एजेंट ने ऑस्ट्रेलिया के मेडिकेयर पोर्टल में सेंध लगा दी थी।
सरकारी सिस्टम सुरक्षित बताए
एंथ्रोपिक ने अधिकारियों को आश्वासन दिया कि उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई सरकारी सिस्टम की अच्छी तरह से जांच की है और किसी में कोई सेंध नहीं मिली।
कंपनी ने यह भी साफ किया कि भविष्य में आने वाले नियमों का पालन करने के लिए भी वे पूरी तरह तैयार हैं। इसी बीच, कॉपीराइट को लेकर एक नया विवाद खड़ा हो गया है।
मीडिया समूह इस बात से खुश नहीं हैं कि AI कंपनियों को ट्रेनिंग के लिए कंटेंट का इस्तेमाल करने की खुली छूट दी जा रही है। उनका कहना है कि इससे कंटेंट बनाने वालों पर अपने काम को बचाने का दबाव बहुत बढ़ जाएगा।
उनका तर्क यह है कि अगर, AI कंपनियां बिना किसी रोक-टोक के कंटेंट लेती रहेंगी तो मूल रचनाकारों को नुकसान झेलना पड़ेगा और उन्हें अपनी मेहनत की सुरक्षा के लिए संघर्ष करना होगा।