अब गूगल स्टोर पर नहीं मिलेगा गूगल पिक्सल 4a स्मार्टफोन
क्या है खबर?
सर्च इंजन कंपनी गूगल ने अपने गूगल पिक्सल 4a स्मार्टफोन को लॉन्च होने के दो साल से भी कम समय में कंपनी के स्टोर से हटा दिया है।
पिक्सल 4a कंपनी का आखिरी 4G सक्षम स्मार्टफोन था, इसके बाद पिछले साल पिक्सल 5a लॉन्च किया गया है।
हालांकि, पिक्सल 4a स्मार्टफोन अभी भारत में खरीदने के लिए उपलब्ध है। अगस्त, 2023 तक इसके लिए एंड्रायड OS और सुरक्षा अपडेट मिलना जारी रखेगा।
रिपोर्ट
मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी
9to5Google की रिपोर्ट में खुलासा किया गया है कि लोकप्रिय मिडरेंज स्मार्टफोन पिक्सल 4a को गूगल स्टोर से हटा दिया गया है।
स्मार्टफोन को कंपनी की वेबसाइट के जरिए 12 देशों में बेचा गया था। पिक्सल 4a की लिस्टिंग को भारत के लिए भी गूगल स्टोर से हटा दिया गया है।
रिपोर्ट की मानें तो अमेरिका के लिए फोन का प्रोडक्ट पेज 31 जनवरी, 2022 से पहले तक गूगल स्टोर पर उपलब्ध था।
फीचर्स
फोन में है क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 730G प्रोसेसर
गूगल पिक्सल 4a स्मार्टफोन में क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 730G प्रोसेसर है, जिसे 6GB LPDDR4x रैम और 128GB इंटरनल स्टोरेज के साथ पेश किया गया है।
गूगल द्वारा वैश्विक बाजारों में स्मार्टफोन लॉन्च करने के दो महीने बाद अक्टूबर, 2020 में गूगल पिक्सल 4a को भारत में लॉन्च किया गया था।
गूगल पिक्सल 4a में 5.81 इंच का फुल-HD+ (1,080x2,340 पिक्सल) OLED डिस्प्ले है, जिसमें ऊपरी-बाएं कोने में सामने की तरफ होल-पंच डिजाइन के साथ एक सेल्फी कैमरा है।
कैमरा
गूगल पिक्सल 4a के रियर पैनल पर 12MP का कैमरा
पिक्सल 4a में पीछे की तरफ f/1.7 अपर्चर लेंस के साथ 12MP का कैमरा दिया गया है। फोन में f/2.0 अपर्चर लेंस के साथ 8MP का सेल्फी कैमरा भी है।
इसमें 18W फास्ट चार्जिंग के सपोर्ट के साथ 3,120mAh की बैटरी दी गई है।
स्मार्टफोन को एंड्रॉयड 10 के साथ लॉन्च किया गया था और इसे अब तक एंड्रॉयड 12 में अपडेट किया गया है।
गूगल की सपोर्ट वेबसाइट के अनुसार, इसे अगस्त, 2023 तक एंड्रॉयड OS अपडेट मिलेगा।
जानकारी
पिक्सल 4a है भारत में लॉन्च होने वाला आखिरी पिक्सल स्मार्टफोन
पिक्सल 4a, 4G कनेक्टिविटी की सुविधा के साथ आने वाला आखिरी गूगल स्मार्टफोन है।
पिक्सल 5 और 5a 5G दोनों ही स्मार्टफोन्स 5G-सक्षम चिपसेट के साथ लॉन्च किए गए हैं।
पिक्सल 4a भारत में लॉन्च होने वाला आखिरी पिक्सल स्मार्टफोन भी है, क्योंकि पिक्सल 5 और 5a 5G को भारत में लॉन्च नहीं किया गया।
इसके साथ ही, कंपनी ने अभी तक भारत में अपने पिक्सल 6 और 6 प्रो स्मार्टफोन्स लॉन्च करने की योजना की घोषणा नहीं की है।
जानकारी
इतनी है डिवाइस की कीमत
गूगल पिक्सल 4a को 17 अक्टूबर, 2020 को भारत में लॉन्च किया गया था। यह फोन जस्ट ब्लैक और एक लिमिटेड एडिशन-बेयरली ब्लू कलर ऑप्शंस में उपलब्ध था। इस स्मार्टफोन के 6GB+128GB स्टोरेज मॉडल की कीमत 31,999 रुपये थी।