फीचर फोन वालों के लिए फोनपे ने लॉन्च किया UPI 123पे
फोनपे ने हाल ही में यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (UPI) 123पे की शुरुआत की है। इससे साधारण फीचर फोन इस्तेमाल करने वाले लोग (नोकिया, लावा, आइटेल, HMD के फोन) बिना स्मार्टफोन या इंटरनेट के भी पैसे भेज पाएंगे और दुकानदारों को भुगतान कर पाएंगे। यह उन लोगों के लिए एक बड़ा कदम है, जहां नेटवर्क की समस्या रहती है या जो लोग फीचर फोन पसंद करते हैं।
प्रीइंस्टॉल्ड ऐप में काम करेगी यह सुविधा
UPI 123पे SMS पर काम करता है। इस सुविधा से आप मोबाइल नंबर या UPI ID का इस्तेमाल करके पैसे ट्रांसफर कर सकते हैं। अगर, आपके फोन में कैमरा है तो QR कोड स्कैन करके दुकानों पर भी पेमेंट कर सकते हैं। आप अपना बैलेंस भी चेक कर पाएंगे।
यह सब प्रीइंस्टॉल्ड फोनपे ऐप के जरिए होगा। इसे सेट करना भी आसान है। आपको अपने बैंक अकाउंट को डेबिट कार्ड की जानकारी देकर लिंक करना होगा और एक UPI पिन बनाना होगा।
अगर, कोई दिक्कत आती है तो अंग्रेजी और 12 क्षेत्रीय भाषाओं में वॉयस हेल्पलाइन भी मौजूद है। जल्द ही इसमें बिल भुगतान और मोबाइल रिचार्ज जैसी और सुविधाएं भी जुड़ेंगी।