
OpenAI के बाद अब पेरप्लेक्सिटी ने जताई गूगल से क्रोम खरीदने की इच्छा
क्या है खबर?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी OpenAI के बाद अब पेरप्लेक्सिटी ने भी गूगल के क्रोम वेब ब्राउजर को खरीदने की इच्छा जताई है।
पेरप्लेक्सिटी के मुख्य व्यवसाय अधिकारी (CBO) दिमित्री शेवेलेंको ने अदालत में गवाही के दौरान कहा कि अगर गूगल को क्रोम बेचना पड़ा, तो उनकी कंपनी इसे खरीदने और मुफ्त में अच्छी गुणवत्ता के साथ चलाने के लिए तैयार है।
उन्होंने इसे अपनी कंपनी के लिए एक व्यावसायिक अवसर बताया है।
आदेश
गूगल को क्रोम अलग करने का मिल सकता है आदेश
अमेरिका में गूगल के खिलाफ चल रहे सर्च एकाधिकार मामले में अगर अदालत न्याय विभाग की दलीलों से सहमत होती है, तो गूगल को अपना लोकप्रिय वेब ब्राउजर क्रोम अलग करना पड़ सकता है।
इसमें क्रोमियम भी शामिल है, जिस पर कई ब्राउजर आधारित हैं। गूगल ने चेतावनी दी है कि इससे ब्राउजर की गुणवत्ता गिर सकती है या कोई नया मालिक इसके लिए शुल्क वसूल सकता है, जिससे ब्राउजर इंडस्ट्री प्रभावित हो सकती है।
इच्छा
पेरप्लेक्सिटी पहले भी दिखा चुकी है ऐसी इच्छा
यह पहली बार नहीं है जब पेरप्लेक्सिटी ने किसी बड़े तकनीकी प्लेटफॉर्म को खरीदने की रुचि दिखाई है।
इससे पहले कंपनी ने टिक-टॉक को खरीदने की इच्छा जताई थी, जो बाइटडांस के स्वामित्व के कारण अमेरिका में प्रतिबंधों का सामना कर रहा है।
3 साल से कम पुरानी यह कंपनी अब खुद को गूगल जैसी बड़ी कंपनियों के सामने खड़ा करने की कोशिश कर रही है और जनरेटिव AI क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत बना रही है।