पेटीएम ने लॉन्च किया नया AI टूल, जानिए क्या करेगा काम
डिजिटल भुगतान के बाजार में बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच पेटीएम ने 'पेटीएम इंटेलिजेंस' (Pi) नाम का एक नया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित टूल लॉन्च किया है।
यह टूल कंपनियों को अपनी बिक्री, ग्राहक सेवा और कामकाज को और बेहतर बनाने में सक्षम है। फिलहाल इसकी शुरुआत भारत और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के बैंकों और वित्तीय कंपनियों के साथ हो रही है।
धोखाधड़ी का पता लगाता है टूल
यह टूल पेटीएम द्वारा पिछले करीब 2 सालों से विकसित किए जा रहे एक वित्तीय AI मॉडल पर आधारित है। इसे तैयार करने में वास्तविक लेन-देन के डाटा और यूजर के व्यवहार का इस्तेमाल किया गया है।
यह सिस्टम धोखाधड़ी का पता लगा सकता है, ग्राहक की क्रेडिट योग्यता की जांच कर सकता है और किसी भी दावे की विश्वसनीयता का अनुमान लगा सकता है। Pi अभी कुछ ग्राहकों के लिए उपलब्ध है और जल्द ही इसे और जगहों पर भी लागू किया जाएगा।
4,000 लोगों को भर्ती करने की योजना
इन सभी योजनाओं को हकीकत में बदलने के लिए पेटीएम ने 2027 की शुरुआत तक करीब 4,000 लोगों को नौकरी देने की योजना बनाई है। यह दर्शाता है कि कंपनी AI टेक्नोलॉजी को लेकर काफी गंभीर है क्योंकि वित्तीय क्षेत्र में स्मार्ट ऑटोमेशन की मांग लगातार बढ़ रही है।