पेटीएम ने ऐप में जोड़ा AI सर्च फीचर, इस कंपनी के साथ की साझेदारी
क्या है खबर?
पेटीएम ने 27 फरवरी को अपने ऐप में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सर्च फीचर जोड़ने के लिए AI स्टार्टअप पेरप्लेक्सिटी के साथ साझेदारी की है।
पेटीएम का कहना है कि यह सुविधा यूजर्स को वित्तीय जानकारी और निर्णय लेने में मदद करेगी।
अब यूजर्स अपने रोजमर्रा के सवाल पूछ सकते हैं और स्थानीय भाषा में जानकारी खोज सकते हैं। इस साझेदारी का उद्देश्य लोगों को स्मार्ट और तेज तरीके से वित्तीय जानकारी उपलब्ध कराना है।
बयान
साझेदारी पर पेटीएम और पेरप्लेक्सिटी के CEO की राय
पेटीएम के संस्थापक विजय शेखर शर्मा ने कहा कि AI लोगों के निर्णय लेने के तरीके को बदल रहा है और इस तकनीक से भारतीय उपभोक्ताओं को फायदा होगा।
पेरप्लेक्सिटी के CEO अरविंद श्रीनिवास ने कहा कि यह तकनीक लोगों को रियल-टाइम में भरोसेमंद जानकारी देने में मदद करेगी।
इन दोनों कंपनियों का मानना है कि यह सहयोग डिजिटल अनुभवों को बेहतर बनाएगा और भारत में AI को अधिक प्रभावी बनाएगा।
फायदा
यूजर्स को मिलेगा फायदा
अब पेटीएम यूजर्स AI की मदद से वित्तीय फैसले लेने में अधिक सक्षम हो सकेंगे। यह तकनीक आसान भाषा में जवाब देगी और तेजी से जानकारी उपलब्ध कराएगी।
यूजर्स बैंकिंग, निवेश, खर्च और अन्य वित्तीय विषयों से जुड़ी जानकारी आसानी से पा सकेंगे। इस फीचर से भारत में डिजिटल पेमेंट और फाइनेंस से जुड़ी सेवाओं को और अधिक सरल बनाया जा सकेगा।
यह नई सुविधा डिजिटल वित्तीय सेवाओं को अधिक सरल और कुशल बनाने में अहम साबित हो सकती है।