स्मार्ट ग्लासेज की जासूसी पकड़ने के लिए आ गया आईफोन ऐप
पोलैंड के डेवलपर पावेल सिजड्लोव्स्की ने जकऑफ नाम का एक नया आईफोन ऐप बनाया है, जो स्मार्ट ग्लासेज से प्राइवेसी के खतरे की परेशानी को दूर कर सकता है।
यह मेटा के रेबैन और ओकली जैसे स्मार्ट ग्लासेज से आने वाले ब्लूटूथ सिग्नल को स्कैन करता है। यह ऐप इन सिग्नलों को एक डेटाबेस से मिलाता है और आपको बताता है कि क्या कोई ऐसा ग्लास आपके करीब है। लॉन्च होने के बाद से अब तक इसके करीब 5,000 यूजर हो चुके हैं।
आस-पास के डिवाइस की करता है पहचान
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से चलने वाले स्मार्ट ग्लासेज अब आम होते जा रहे हैं और उन्हें आसानी से पहचाना भी नहीं जा सकता। ऐसे में प्राइवेसी एक बड़ी चिंता का विषय है।
मेटा का कहना है कि उसके ग्लासेज में रिकॉर्डिंग लाइट होती है, लेकिन जकऑफ आस-पास के डिवाइसेज को पहचान कर यूजर्स को ज्यादा निश्चिंत करता है।
इसका एक प्रो वर्जन भी है, जिसमें लगातार निगरानी के लिए बैकग्राउंड अलर्ट मिलते हैं। जैसे-जैसे वियरेबल टेक बढ़ रही है। लोगों को सार्वजनिक जगहों पर सुरक्षित महसूस कराने के लिए ऐसे टूल सामने आ रहे हैं।