ऐपल की कई सेवाओं में आउटेज, आईक्लाउड से ऐपल पे तक यूजर्स को हुई परेशानी
क्या है खबर?
दुनियाभर में ऐपल यूजर्स को मंगलवार देर रात को कंपनी की कई सेवाओं में आउटेज का सामना करना पड़ा है। इससे आईक्लाउड, ऐपल पे, ऐपल म्यूजिक और ऐप स्टोर जैसी सेवाएं प्रभावित हुईं। इस आउटेज से बड़ी संख्या में यूजर्स अपने अकाउंट एक्सेस नहीं कर सके और कई जरूरी सुविधाओं का इस्तेमाल करने में परेशानी हुई। आउटेज की शिकायतें बढ़ने के बाद कंपनी ने प्रभावित सेवाओं को बहाल करने की प्रक्रिया शुरू की और कई सिस्टम सामान्य हो गए हैं।
समस्या
आईक्लाउड और ऐपल पे इस्तेमाल करने में आई परेशानी
आउटेज के दौरान यूजर्स अपने आईक्लाउड अकाउंट में लॉगिन नहीं कर पा रहे थे, जहां उनकी तस्वीरें, दस्तावेज और अन्य निजी जानकारी सेव रहती है।
इसके अलावा ऐपल पे से भुगतान करने, ऐपल म्यूजिक सुनने और ऐप स्टोर से जुड़ी सेवाओं में भी रुकावट आई।
डाउनडिटेक्टर के मुताबिक, अमेरिका में रात 10:50 बजे तक ऐपल पे की करीब 2,300 शिकायतें दर्ज हुईं, जबकि आईक्लाउड के लिए लगभग 1,800 यूजर्स ने परेशानी बताई।
वजह
इंटरनल अपडेट के कारण बिगड़ी सेवाएं
ऐपल ने बताया कि सुबह किए गए एक इंटरनल अपडेट के कारण कुछ सेवाओं में रुकावट आई थी।
कंपनी के मुताबिक, इसके बाद कई सिस्टम दोबारा काम करने लगे और बाकी सेवाओं को ठीक करने की कोशिश जारी थी। ऐपल ने यह भी स्पष्ट किया कि इस घटना के पीछे साइबर हमला नहीं था।
प्रभावित सेवाओं को कंपनी ने जल्द सामान्य करने पर काम किया और यूजर्स को धीरे-धीरे फिर से सेवाओं का इस्तेमाल करने की सुविधा मिलने लगी हैं।
अन्य
पिछले दिनों भी कई कंपनियों में आया आउटेज
पिछले कुछ दिनों में माइक्रोसॉफ्ट, अमेरिकी विमानन सेवाओं और कई बैंकों को भी तकनीकी रुकावटों का सामना करना पड़ा है।
माइक्रोसॉफ्ट के आउटेज से आउटलुक, टीम्स और कोपायलट प्रभावित हुए थे, जबकि FAA की तकनीकी समस्या के कारण अमेरिका में उड़ानों पर रोक लगानी पड़ी थी।
सोमवार को जेपी मॉर्गन चेस और बैंक ऑफ अमेरिका समेत कई बैंकों में भी आउटेज आया। इन घटनाओं में कंपनियों ने साइबर हमले की आशंका से इनकार किया था।