सैम ऑल्टमैन ने डाटा सेंटर्स में पानी की खपत से जुड़ी चिंताओं को किया दूर
OpenAI के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सैम ऑल्टमैन का कहना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) डाटा सेंटर्स द्वारा पानी की बर्बादी को लेकर जताई जा रही चिंताएं कुछ ज्यादा ही बढ़-चढ़कर बताई जा रही हैं। हाल ही में एक पॉडकास्ट पर उन्होंने ChatGPT के पानी के इस्तेमाल की तुलना रोजमर्रा की चीजों से की।
उन्होंने बताया कि 38,000 क्वेरी में उतना ही पानी लगता है, जितना एक बादाम में। यह उतना ज्यादा नहीं है, जितना कुछ वायरल दावों में कहा जा रहा है।
ट्रंप ने भी किया डाटा सेंटर्स के निर्माण का समर्थन
ऑल्टमैन ने समझाया कि पुराने डाटा सेंटर कूलिंग के लिए पानी का इस्तेमाल करते थे, लेकिन नए डाटा सेंटर बहुत ज्यादा कुशल हैं। ये उतने ही पानी का इस्तेमाल करते हैं, जितना कोई सामान्य ऑफिस बिल्डिंग। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि ऐसे दावे किसी भी जांच में खरे नहीं उतरते।
इन आश्वासनों के बावजूद, पूरे अमेरिका में लोग डाटा सेंटर्स का विरोध कर रहे हैं। वे केवल पानी ही नहीं, बल्कि शोर और प्रदूषण को लेकर भी अपनी चिंताएं जाहिर कर रहे हैं।
हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी इस पर अपनी राय रखी। उन्होंने लोगों से पर्यावरण संबंधी चिंताओं के बावजूद आर्थिक विकास के लिए इन सेंटर्स को स्वीकार करने का आग्रह किया।