OpenAI अब ला रही AI रोबोट्स, टेस्ला ऑप्टिमस को मिलेगी सीधी टक्कर
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल ChatGPT निर्माता OpenAI अब रोबोटिक्स के क्षेत्र में उतर गई है। कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सैम ऑल्टमैन ने हाल ही में ऐलान किया है कि वे असली दुनिया के कामकाज के लिए AI से संचालित रोबोट्स बना रहे हैं।
इनका मकसद टेस्ला के ऑप्टिमस रोबोट को सीधी टक्कर देना है, जिसे एलन मस्क ने घर और दफ्तर दोनों जगह लोगों की मदद करने के लिए तैयार किया है।
विशेषज्ञों की जा रही भर्ती
कंपनी का पहला लक्ष्य ऐसे रोबोट्स बनाना है, जो इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने वाले कुशल श्रमिकों की मदद कर सकें। ऑल्टमैन का यह भी मानना है कि भविष्य में पर्सनल रोबोट्स आम लोगों के रोजमर्रा के काम निपटाने में सहायक होंगे।
यह पूरा प्रोजेक्ट आदित्य रमेश की देखरेख में सिमुलेशन रिसर्च में OpenAI की हाल ही में हुई तरक्की पर आधारित है। अब इन विचारों को धरातल पर उतारने के लिए टीम विशेषज्ञों की भर्ती कर रही है।