OpenAI का पहला हार्डवेयर उत्पाद हो सकता है ईयरबड्स, मिलेंगे ChatGPT के फीचर्स
क्या है खबर?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी OpenAI सॉफ्टवेयर के क्षेत्र में बड़ा मुकाम हासिल करने के बाद अब हार्डवेयर के क्षेत्र में कदम रखने की योजना बना रही है। टेक कमेंटेटर मार्क क्रेश्चमैन के अनुसार, कंपनी का पहला हार्डवेयर डिवाइस एक ईयरबड्स हो सकता है, जो ChatGPT के खास फीचर्स के साथ आएगा। हालिया लीक में एक पेटेंट फाइलिंग सामने आई है, जिससे OpenAI के हार्डवेयर प्लान को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
पेटेंट
'डाइम' नाम से जुड़े पेटेंट से बढ़ी चर्चा
लीक के मुताबिक OpenAI ने 'डाइम' नाम को ऑफिशियली रजिस्टर कराया है। आमतौर पर कंपनियां ऐसा तभी करती हैं, जब वे किसी प्रोडक्ट को बाजार में लाने की तैयारी कर रही होती हैं। हालांकि, पेटेंट में डिवाइस के डिजाइन या फीचर्स की पूरी जानकारी नहीं दी गई है, लेकिन इससे संकेत मिलता है कि OpenAI का हार्डवेयर प्रोजेक्ट शुरुआती प्रयोग के स्तर से आगे बढ़ चुका है और अब पब्लिक लॉन्च की दिशा में बढ़ रहा है।
आसान डिवाइस
महंगे वियरेबल की जगह आसान डिवाइस पर ध्यान
पहले कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया था कि OpenAI एक हाई-एंड वियरेबल डिवाइस पर काम कर रही है। नई जानकारी के मुताबिक, बढ़ती मेमोरी और कंपोनेंट लागत के कारण यह प्लान कुछ समय के लिए रोक दिया गया है। ऐसे में कंपनी अब एक आसान और कम लागत वाला प्रोडक्ट लॉन्च कर सकती है। माना जा रहा है कि OpenAI अपने हार्डवेयर सफर की शुरुआत ऑडियो-फोकस्ड ईयरबड्स से कर सकता है।
अनुभव
AI ईयरबड्स से मिल सकता है हैंड्स-फ्री अनुभव
रिपोर्ट्स के अनुसार OpenAI के संभावित ईयरबड्स वॉइस इंटरैक्शन और रियल-टाइम AI असिस्टेंस पर आधारित हो सकते हैं। इससे यूजर्स को बिना फोन छुए ChatGPT जैसे AI मॉडल्स का इस्तेमाल करने की सुविधा मिल सकती है। यह तरीका कंपनी को कम खर्च में तेजी से बाजार में आने में मदद करेगा। हालांकि, OpenAI ने अभी तक इस लीक की पुष्टि नहीं की है, लेकिन पेटेंट फाइलिंग से उम्मीदें जरूर बढ़ी हैं।