OpenAI ने रिसर्च प्रोग्राम के लिए दिया 12 महीने का मुफ्त एक्सेस, जानिए क्या मिलेगा फायदा
क्या है खबर?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी OpenAI ने अपने 'ChatGPT फॉर एकेडमिक रिसर्चर्स' प्रोग्राम का विस्तार भारत तक कर दिया है। इसके तहत, योग्य शोधकर्ताओं को विज्ञान, गणित और इंजीनियरिंग के क्षेत्रों में वैज्ञानिक कार्यों में मदद के लिए कंपनी के AI टूल्स का मुफ्त एक्सेस मिलेगा। कंपनी ने बताया कि यह प्रोग्राम चुनिंदा संस्थानों के रिसर्च फैकल्टी और शोधकर्ताओं की मदद करता है, ताकि वे अपने विचारों का परीक्षण, सबूतों का विश्लेषण और जटिल सवालों के जवाब खोज सकें।
आवेदन
कब शुरू होंगे आवेदन?
बयान के अनुसार, भारत में यह लॉन्च 50,000 नए अनुदानों के वैश्विक दौर का हिस्सा है, जो 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर दिए जाएंगे। OpenAI ने बताया कि आवेदन 30 नवंबर से शुरू होंगे।
हर अनुदान के तहत प्राप्तकर्ता और उनके साथ काम करने वाले अधिकतम 2 सहयोगियों को एक रिसर्च वर्कस्पेस में 12 महीने के लिए 3 ChatGPT प्लस सीटें मुफ्त में मिलेंगी।
कंपनी का लक्ष्य दुनियाभर के 2 लाख शोधकर्ताओं को मुफ्त एक्सेस देना भी है।
फायदा
किस काम में कर सकते हैं इस्तेमाल?
शोधकर्ता वैज्ञानिक साहित्य खंगालने, परिकल्पनाओं का परीक्षण करने, डाटा का विश्लेषण करने, शोध कोड लिखने और उसमें मौजूद कमियों को दूर करने, ग्रांट आवेदन और पांडुलिपियां तैयार करने के लिए ChatGPT का उपयोग कर सकते हैं।
इस कार्यक्रम में प्रशिक्षण और व्यावहारिक सहायता भी शामिल थी।
साथ ही यह भी बताया गया कि OpenAI डिफॉल्ट रूप से इस कार्यक्रम के जरिए साझा किए गए डाटा का इस्तेमाल अपने मॉडल को प्रशिक्षित करने के लिए नहीं करता है।