OpenAI के AI ने की अमेरिकी सरकारी वेबसाइट्स को हैक करने की कोशिश
OpenAI के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल्स ने अमेरिकी सरकार की वेबसाइट्स से सार्वजनिक जानकारी को देखा और अमेरिकी शिक्षा विभाग की वेबसाइट पर एक सामान्य हैक करने की कोशिश भी की।
कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सैम ऑल्टमैन ने बताया कि यह घटना तब हुई, जब उनकी टीम अपने एजेंट्स के इंटरनेट इस्तेमाल की ट्रेनिंग और मूल्यांकन से जुड़ी एक बड़ी और लगातार चल रही समीक्षा कर रही थी।
अच्छी बात यह है कि कोई भी डाटा चोरी नहीं हुआ और न ही किसी सिस्टम को कोई नुकसान पहुंचा। कंपनी अभी यह जानने की कोशिश में है कि असल में हुआ क्या था? साथ ही, अगर उनके सिस्टम पर कहीं कोई संभावित खतरा या असर दिखता है तो वे तुरंत संबंधित संगठनों को जानकारी दे रहे हैं।
ट्रांसल्यूस ने दी थी गड़बड़ी की जानकारी
ट्रांसल्यूस नाम की एक रिसर्च लैब ने इन संदिग्ध गतिविधियों को देखा और तुरंत OpenAI को इसकी जानकारी दी। अमेरिकी शिक्षा विभाग ने भी इस बात की पुष्टि की है कि उनके सिस्टम पर कोई भी असर नहीं पड़ा।
उसने यह भी देखा कि इसी तरह की संदिग्ध हरकतें दूसरे सरकारी विभागों की वेबसाइट्स पर भी हो रही थीं, जैसे न्याय विभाग और वाणिज्य विभाग। मुमकिन है कि इन हरकतों से वेबसाइट के नियमों का उल्लंघन हुआ हो।
कंपनी का कहना है कि वे अभी यह पता लगाने में लगे हैं कि यह समस्या कितनी बड़ी थी, लेकिन फिलहाल किसी तरह के नुकसान की कोई खबर नहीं है।